उ. प्र. पुलिस के पूर्व आई. जी. व आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एस. आर. दारापुरी (सरवण राम दारापुरी) की पत्रकार वार्ता
सोनभद्र। “विडम्बना है कि आज अपने लाभ के लिये राजनीति में नेता कपड़ों की तरह दलों को बदलने में लगे हैं। दरअसल नीतियों के मामलों में भी दलों में कोई खास अतंर नहीं रह गया है। देश के ज्वलंत सवाल और जनता की ज़िंदगी के महत्वपूर्ण मुद्दे संसद में नहीं उठ पा रहे हैं और इन्हें राजनीति से भी बाहर कर दिया गया है। ऐसे में जनता की जीत और बेहतरी के लिये लोक सभा चुनाव लड़ने की अनुमति मांगनें और जनता से रायशुमारी करने आया हूँ।“ यह बातें आज दुद्धी में आयोजित पत्रकार वार्ता में उ0 प्र0 पुलिस के पूर्व आई0 जी0 व आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एस0 आर0 दारापुरी ने कहीं।
श्री दारापुरी ने कहा कि हम ने म्योरपुर, बभनी व दुद्धी के दो दर्जन से भी ज्यादा गाँव का पिछले तीन दिनों में दौरा किया है। इस दौरान जिस तरह का जन समर्थन हमें हासिल हुआ है उस से यह दिखा है कि इस क्षेत्र की जनता बदलाव के लिये तैयार है। उन्होंने बताया कि वह दुद्धी के अधिवक्तागणों व व्यापारी बंधुओ से भी समर्थन मांगने जायेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे नौकरी के दौरान भी विभिन्न जांचों के सम्बन्ध में इस क्षेत्र को देखने का मौका मिला था, इस लिहाज से यह मेरा जाना पहचाना क्षेत्र है।
आइपीएफ नेता ने कहा, “मैंने देखा है कि यह इलाका प्राकृतिक संसाधनों और कृषि के लिहाज से बेहद समृद्ध है और इसमें इतनी क्षमता है कि यह प्रदेश की बिजली की सारी जरूरतों को पूरा कर सकता है बाबजूद इसके विकास की दृष्टि से यह उत्तर प्रदेश का सब से अधिक पिछड़ा इलाका कालाहांडी बना हुआ है। वनाधिकार कानून को लागू कराने के लिये भी हमें हाईकोर्ट से आदेश कराना पड़ा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी नदियों और पहाड़ों का अवैध खनन हुआ। आप देख सकते है यहां की वायु व जल विषाक्त हो गया है। मुझे बेहद तकलीफ हुयी जब कल मैंने अपनी आँखों से कच्चे कुएं से ढेंचकी द्वारा दलित बच्चियों को पीने का पानी भरते हुए डूभा गाँव में देखा। इसी तरह कई गाँव में लोगों ने बताया कि आज भी वे गेठी कंदा जैसी ज़हरीली जड़ खाने को मजबूर हैं। इस लिये इन स्थितियों को हर हाल में लोग बदलना चाहते हैं। 543 सांसदों में यदि एक प्रतिनिधि के बतौर मैं जीतता हूँ तो इस क्षेत्र के सवालों को देश के सामने लाया जायेगा और हर हाल में हल कराया जायेगा।“
दारापुरी ने अपने चुनावी मुद्दों की जानकारी देते हुए बताया कि सोनभद्र, चंदौली के पहाड़ी क्षेत्र के विकास के लिये केंद्र सरकार से विशेष पैकेज दिलवाना, वनाधिकार कानून को सख्ती से लागू कराकर आदिवासियों और अन्य परम्परागत वनाश्रित जातियों को उनके कब्जे की जमीन का मालिकाना हक दिलाना, ठेकेदारी प्रथा में लगे मजदूरों को नियमित नौकरी और वेतनमान दिलवाना, पूरे क्षेत्र में पेयजल, बिजली, अस्पताल और शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करवाना और कृषि के विकास के लिये सिचांई हेतु पानी, कृषि आधारित उद्योग व कोल्ड स्टोरेज का निर्माण कराना और किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलवाना, विस्थापितों के अधिकारों की गारंटी, पर्यावरण की सुरक्षा और मानवाधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय के अधिकारों को दिलाना मेरे चुनाव के प्रमुख मुद्दे हैं।
पत्रकार वार्ता में आईपीएफ के प्रदेश संगठन प्रभारी दिनकर कपूर, जिला संयोजक शम्भू नाथ गौतम, इंद्र देव खरवार, प्रमोद चौबे, साबिर हुसैन, डॉ। चन्द्र देव गोंड आदि उपस्थित थे।