भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता जयराम ठाकुर आज हिमाचल प्रदेश के नये मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

शपथ ग्रहण समारोह शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सबेरे 11 बजे आयोजित होगा।

श्री ठाकुर पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। इस विधानसभा चुनाव में वे सिराज सीट से विजयी रहे थे। राज्‍यपाल आचार्य देवव्रत श्री ठाकुर को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायेंगे।

राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान को शपथग्रहण समारोह के लिए आकर्षक ढंग से सजाया गया है। समारोह स्थल में दस हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अतिरिक्त मंत्रिमंडल में और कितने सदस्य शपथ लेंगे यह अभी तक स्पष्ट नहीं है।

बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय संतुलन सहित नए व अनुभवी चेहरों का तालमेल देखने को मिलेगा। समारोह स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा विशेष रूप से एसपीजी को सौंपा गया है।

Jairam Thakur set to take oath as the Chief Minister of Himachal Pradesh today