आय से अधिक संपत्ति के मामले में बेंगलुरु की विशेष अदालत ने तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता को दोषी करार देते हुए चार साल की सजा सुनाई है। उन पर 100 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इस सजा के साथ ही जयललिता को मुख्यमंत्री की कुर्सी से भी हाथ धोना पड़ा। सजा के बाद उन्हें बेंगलुरु की पारापन्ना अग्रहारा जेल ले जाया गया। सजा सुनने के बाद जयललिता ने बेचैनी की शिकायत की थी, जिसके चलते जेल के हॉस्पिटल में उनका चेकअप किया गया।

जयललिता को इस सजा से राहत के लिए अब हाई कोर्ट में अपील करनी होगी। इस सजा के बाद जयललिता 10 साल तक चुनाव नहीं लड़ पाएंगी। स्पेशल कोर्ट ने इस मामले के अन्य आरोपियों जयललिता की दोस्त शशिकला, उनके तत्कालीन दत्तक पुत्र वी. एन. सुधाकरन तथा शशिकला के एक रिश्तेदार जे. इलावरासी को भी चार साल की सजा सुनाई। तीनों पर 10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।