नई दिल्ली। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कोयला घोटाले में कुछ कम्पनियों के खिलाफ नये मामले दर्ज किये हैं। पूर्व कोयला राज्यमन्त्री दासरी नारायण राव और काँग्रेस सांसद नवीन जिन्दल आरोपियों में शामिल बताये जाते हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीबीआई ने जिन्दल स्टील एण्ड पॉवर लिमिटेड, गगन स्पॉन्ज और दो अन्य कम्पनियों के खिलाफ कोयला घोटाले में नया मामला दर्ज किया है। अभियुक्तों में पूर्व कोयला राज्य मन्त्री दासरी नारायण राव और काँग्रेस सांसद नवीन जिन्दल शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार एफआईआर में जिन्दल और उनकी कम्पनी पर आरोप लगाया गया है कि उसने तथ्यों को गलत ढँग से पेश किया और पिछले आवंटनों की जानकारी छिपायी। जिन्दल पर धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप भी लगाये गये हैं। इस घोटाले में यह बारहवीं प्राथमिकी दर्ज की गयी है। सूत्रों के मुताबिक नया मामला दर्ज होने के बाद सीबीआई ने नई दिल्ली में जिन्दल और हैदराबाद में राव के आवासों सहित उन्नीस स्थानों पर छापे मारे हैं।

इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने माँग की है कि कोयला घोटाले से सम्बन्धित फाइलें सीबीआई को सौंप देनी चाहिये। संवाददाताओं से बातचीत में पार्टी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने सरकार से कहा कि सीबीआई को पूर्व कोयला सचिव एच० सी० गुप्ता से पूछताछ करने की अनुमति दी जानी चाहिये। उन्होंने कहा कि कोयला खण्डों के आवंटन में प्रधानमन्त्री कार्यालय की भूमिका की जाँच की भी सीबीआई को अनुमति दी जानी चाहिये क्योंकि प्रधानमन्त्री मनमोहन सिंह के पास कोयला मन्त्रालय भी था।