.... 23 साल बाद शाहदरा जिला स्थित पूर्व कार्यालय पहुंचे पटनायक

नई दिल्ली, 29 मार्च।

यह संयोग ही है कि दिल्ली पुलिस के शाहदरा जिला कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद अमूल्य कुमार पटनायक दिल्ली के ऐसे पहले पुलिस आयुक्त बन गए हैं जिन्होंने उस इमारत का उद्घाटन किया, जिसमें उनकी पहली तैनाती की गई थी।

गौरतलब है कि श्री पटनायक ने पुलिस उपायुक्त के तौर पर 23 साल पहले पूर्वी जिला से ही अपने कार्यकाल की शुरुआत की थी।वे साल 1994 से 1997 तक पूर्वी जिला के उपायुक्त पद पर तैनात रहे थे।

उधर, शाहदरा जिला कार्यालय परिसर में बुजुर्ग नागरिकों के लिए पुस्तकालय भी बनाया गया है। जहां वरिष्ठ नागरिकों को पढ़ने के लिए अखबार और पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। जबकि छोटे बच्चों के खेलने के लिए कार्यालय परिसर में ही एक चिल्ड्रन पार्क बनाया गया है। साथ ही परिसर क्षेत्र को वाईफाई सुविधा से भी लैस किया गया है ताकि लोग दिल्ली पुलिस की ऑनलाइन सेवाओं का निशुल्क लाभ उठा सकें।