जेएनयू के बाद अगला निशाना इलाहाबाद विवि ?
जेएनयू के बाद अगला निशाना इलाहाबाद विवि ?
छात्र संघ ऋचा सिंह को इलाहाबाद विवि से निकालने की साजिश
इलाहाबाद। आजादी के बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय की पहली महिला छात्रसंघ अध्यक्ष बनी ऋचा सिंह की कुर्सी खतरे में है। विश्वविद्यालय प्रशासन उन्हें पद से हटाने की तैयारी कर रहा है।
ऋचा सिंह का कहना है कि उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है। इस सिलसिले में ऋचा ने राष्ट्रपति को चिठ्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने मांग की है कि उनके साथ परिसर में अन्याय हो रहा है, जो उनका सरासर उत्पीड़न है।
ऋचा कहती हैं कि उन्होंने विश्वविद्यालय में कई स्तर पर होने वाली गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठायी थी. जिसके चलते अब उसके साथ वैसा सलूक किया जा रहा है, जैसा हैदराबाद विश्वविद्यालय में रोहित वेमुला के साथ हुआ था।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष ऋचा सिंह का कहना है कि हैदराबाद विश्वविद्यालय के रोहित वेमुला और जेएनयू के कन्हैया कुमार के बाद अब केंद्र सरकार और एबीवीपी का अगला टारगेट वो खुद हैं। उनके बीते छह महीने के कार्यकाल के दौरान उन्हें लगातार मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया जाता रहा है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन उनके प्रवेश को ही गलत बता कर न सिर्फ उनका प्रवेश रद्द करने की फिराक में है, बल्कि उन्हें पद से हटाकर उनका पद एबीवीपी से छात्रसंघ उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह को सौंप सकता है।
ऋचा सिंह विश्वविद्यालय में ग्लोब्लाईजेशन एंड डेवलपमेंट स्टडीज में डीफिल कर रहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते दिनों एक शिकायत के बाद विश्वविद्यालय के कुलपति ने ऋचा सिंह के प्रवेश की जांच डीन आर्ट्स ए सत्यनारायण को सौंपी थी, जिसके बाद डीन ने अपनी जांच में पाया कि प्रवेश में आरक्षण के नियमों का पालन नहीं किया गया है। जबकि दूसरी ओर ऋचा सिंह का कहना है कि उनका प्रवेश आरक्षण के नियमों और हाईकोर्ट के आदेश के अनुरूप किया गया है, लेकिन उन्होंने विश्वविद्यालय में छात्रों के हित में आवाज उठायी। वीसी और वीसी के ओएसडी की नियुक्ति को चुनौती दी। योगी आदित्यनाथ जैसे लोगों को विश्वविद्यालय में प्रवेश करने से रोका, जिसके चलते वो एबीवीपी और केंद्र सरकार के निशाने पर हैं और अब उन्हें विश्वविद्यालय से ही चलता करने की तैयारी की जा रही है।
ऋचासिंह ने अपनी फेसबुक टाइमलाइन पर लिखा –
Again an Attack On The AUSU President...Again a Rumour Raised...AND They Will Get Answer This Time Too...!.....Vo Kal Bhi Haare The......!


