सोशलिस्ट पार्टी इंडिया के उम्मीदवार डॉ. प्रेम सिंह के समर्थन में जनसभा
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे सोशलिस्ट पार्टी के उम्मीदवार डॉ. प्रेम सिंह के समर्थन में बुधवार 2 अप्रैल को बाटला हाउस इलाक़े में एक जनसभा का आयोजन किया गया। चुनावी सभा बाटला हाउस के पास अजीम डेयरी के क़रीब की गई। जनसभा को वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर, पूर्व जस्टिस राजेन्द्र सच्चर, सीपीआई दिल्ली के सचिव हारिश, और जाने माने वकील अनिल नौरिया ने संबोधित किया। इस सभा में पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के स्थानीय लोगों के अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय और जामिया विश्वविद्यालय के छात्रों ने भाग लिया। बारिश के बावजूद लोग कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे और सांप्रदायिक ताक़तों और नव उदारवाद के दानव से लड़ने के लिए डॉ. प्रेम सिंह को वोट देने का एलान किया। इस मौके पर मौजूद छात्रों का उत्साह देखते ही बनता था।
जनसभा में डॉ. प्रेम सिंह ने कहा कि आज की व्यवस्था छात्रों को राजनीति से दूर कर रही है। सरकार लोगों को हक़ की आवाज़ भी ऩहीं उठाने देती। हालात ये हो गए हैं कि विश्वविद्यालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। छात्रों के साथ साथ शिक्षकों को भी दबाया जा रहा है। और ये सारा खेल कॉर्पोरेट जगत को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। डॉ प्रेम सिंह के मुताबिक ये महज संयोग नहीं है कि आज प्रधानमंत्री पद के तीनों उम्मीदवारों ने (नरेन्द्र मोदी, राहुल गांधी , अरविंद केजरीवाल )ना तो 84 के दंगों पर कुछ कह रहे हैं , ना तो बाबरी विध्वंस पर मुंह खोला और ना ही मुजफ्फरनगर के दंगों के पीड़ितों की बात उठाई।
डॉ प्रेम सिंह ने लोगों को भरोसा दिया कि सोशलिस्ट पार्टी इंडिया के उम्मीदवार चुनाव में जीतने के बाद तब तक चुप नहीं बैठेंगे जब तक सच्चर कमेटी की सिफारिशें लागू ना हो जाए।
जनसभा में सीपीआई का प्रतिनिधित्व कर रहे हारीश ने कहा कि वे अपनी पार्टी की तरफ से पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओँ से अपील करते हैं कि चुनाव में डॉ प्रेम सिंह के पक्ष में वोटिंग करें। हारीश के मुताबिक ना तो बाटला के मुद्दे पर बोलने वाला कोई है और ना ही पानी और सफाई जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने वाला कोई है। ऐसे हालात में हमें तीसरे मोर्चे का उम्मीदवार ही चुनना है।
जनसभा में सीनियर एडवोकेट अनिल नौरिया ने कहा कि देश का ये पहला चुनाव है जब बड़े राजनीतिक दल कॉर्पोरेट की लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे में इस चुनाव के दूरगामी नतीज़े होंगे।
जनसभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर ने कहा, कि अगर लोग भारत-पाकिस्तान के रिश्ते सुधारना चाहते हैं, तो डॉ प्रेम सिंह जैसे लोगों को संसद में भेजना चाहिए। आज देश में लोग हिंदू मुसलमानों को बांटने में लगे हैं। ऐसे वक्त में ये ज्यादा जरूरी है कि डॉ प्रेम सिंह जैसा शख्स संसद में लोगों की आवाज़ उठाएं। जिससे देश तोड़ने वाली ताक़तों को जवाब मिले।
कुलदीप नैयर ने कहा कि वे अपने 60 सालों के अनुभव के आधार पर कह रहे हैं कि पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में डॉ. प्रेम सिंह जैसा कोई उम्मीदवार नहीं है।
जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व जस्टिस राजेन्द्र सच्चर ने कहा कि सांप्रदायिक ताक़तों का मुक़ाबला कांग्रेस नहीं कर सकती। क्योंकि वो ढुलमुल धर्मनिरपेक्षता के रास्ते पर चलती है। इसीलिए अगर सांप्रदायिकता के राक्षस को रोकना है तो डॉ. प्रेम सिंह जैसे लोगों को जीताकर संसद में भेजना होगा।
डॉ. प्रेम सिंह पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में सोशलिस्ट पार्टी इंडिया के उम्मीदवार हैं। और इस सीट पर उन्हें जनता दल यूनाइटेड और सीपीआई ने समर्थन दिया है। इसके अलावा पूर्वी दिल्ली में समाजवादी पार्टी ने भी अपना उम्मीदवार नहीं दिया है।