तन्त्र के शोर में गण मौन
तन्त्र के शोर में गण मौन
एम. अफसर खां सागर
हर साल 26 जनवरी को मुल्क गणतन्त्र दिवस पूरी अकीदत और शान से मनाता है। 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान को मंजूरी मिलने के बाद मुल्क के आम नागरिकों को खुली हवा में जीने का हक हासिल हुआ। आजाद भारत में लोकतन्त्र की स्थापना ने गणतन्त्र की भावना को प्रबल बनाया। अगर देखा जाये तो 60 साल से ज्यादा का अरसा गुजर जाने के बाद भी हम आजतक गणतन्त्र की मूल भावना को समझ पाने में नाकाम रहे हैं! गणतन्त्र का असल मतलब शासन या सरकार में जनता की हिस्सेदार से है। मुल्क में लोकतन्त्र की स्थापना के बाद सत्ता में नागरिकों को भागीदारी तो मिली मगर आम आदमी को शासन में हिस्सेदारी मिली कि नहीं ये कह पाना बेमानी होगा। अगर गणतन्त्र में नागरिकों को कुछ अधिकार मिला है तो महज वोट देने का ना कि सत्ता में पूर्ण हिस्सेदारी का या यूँ कह लें कि गांधी जी के पूर्ण स्वराज की स्थापना का सपना आजादी के साठ साल के बाद भी किसी मृगमरीचिका से कम नहीं।
सियासत का हालिया चेहरा लोगों के जख्मों पर मरहम की जगह नमक लगाता दिख रहा है। आमजन के विकास के लिये बनने वाली सैकड़ों, अरबों करोड़ों की योजनाओं में भ्रष्टाचार का पलीता यही नुमाइंदे लगाते नजर आ रहे हैं! एक तरफ जहाँ लोग भूख की आग में जल रहे हैं तो दूसरी तरफ कमीशन की काली कमाई से इन राजनेताओं के आलीशान महल और कोठियाँ आबाद हैं। गरीबी, भुखमारी का नारा देकर ये जनता को साल दर साल ठगते आ रहे हैं मगर विकास के नाम पर ढाक के तीन पात के सिवा आज तक कुछ नहीं नजर आता। जिस मुल्क में नागरिकों की हिस्सेदार चुनाव में सिर्फ वोट डालने तक महदूद हो, वहाँ गणतन्त्र के मायने व मतलब निकालना कितना अहम माना जायेगा? सफेदपोश राजनेताओं की राजसी ठाठ के बाद आज नौकरशाहों की हालत भी किसी रसूखदारों से कम नहीं। इनके दरबारों की चक्कर लगाकर देश का गण खुद को बौना समझने लगा है। ज्यादातर सरकारी दफ्तरों में उन्हीं की सुनी जाती है जो आम नहीं खास माने जाते हैं! आम को तो यहाँ से तसल्लीकुन बातों से टरका दिया जाता है। सरकारी दफ्तरों की चक्कर लगाते- लगाते ये लोग घनचक्कर हो जाते हैं। इंसाफ के लिये सालों-साल दर-दर की ठोकरें खाकर गण मौन साधने पर मजबूर हो जाता है।
इस बात से कत्तई इंकार नहीं किया जा सकता कि संविधान के निर्माताओं ने मुल्क के आम नागरिकों को ऐसा लोकतांत्रिक संविधान दिया है, जिसमें सभी सम्प्रदाय, धर्म व समुदाय के लोगों को भेद-भाव रहित बराबरी का हक मिला है। मगर संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों से आम नागरिक आज भी महरूम नजर आता है। जबकि सफेदपोश सियासतदाँ संविधान के लचीलेपन का लाभ लेकर बड़े से बड़े कारनामे अंजाम दे जाते हैं। शायद यही वजह है की लोकतन्त्र में अपराधतन्त्र का बोलबाला होता जा रहा है। ऐसे लोग ही जनतन्त्र की पवित्र मन्दिर में जाकर गणतन्त्र का मखौल उड़ाते नजर आते हैं। गणतन्त्र की मूल भावना को सभी को समझना बेहद लाजमी है चाहे वो सियासतदाँ हों, नौकरशाह या आमजन। सर्वाजनिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों या स्कूलों में तिरंगा फहराकर व बच्चों में मिठाईयाँ बाँटकर तथा जय हिन्द का नारा लगाने भर से गणतन्त्र का हक अदा नहीं हो सकता। ऐसा करके हम गणतन्त्र दिवस तो मना सकते हैं मगर गण को तन्त्र में शामिल किये बिना गणतन्त्र का कोई मतलब नहीं निकलने वाला। नहीं तो यूँ ही तन्त्र के शोर में गण मौन नजर आयेगा।


