रमनसिंह के करीबी अफसर अमन सिंह ने किया
तहलका के छत्तीसगढ़ कार्यालय का उदघाटन
गोपाल
रायपुर। राजधानी रायपुर के रजबंधा मैदान स्थित प्रेस काम्पलेक्स में 19 अगस्त को तहलका के छत्तीसगढ़ कार्यालय का उदघाटन मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह के सबसे करीबी और अपनी संविदा नियुक्ति के लिये चर्चित समझे जाने अफसर ( ऊर्जा सचिव ) अमन सिंह के हाथों किया गया।

देश में तहलका की पहचान जनसरोकार की पत्रकारिता के लिए बनी रही है, लेकिन पिछले दिनों जब तहलका के उच्च स्तरीय प्रबंधन ने छत्तीसगढ़ में आम आदमी की पहुँच से दूर एक महँगा स्कूल व अन्य कारोबार संचालित करने वाले एक शख्स को इसकी फ्रेंचायजी दी तब मीडिया जगत के एक बड़े वर्ग में खासी हलचल देखने को मिली। तहलका वालों की इस फ्रेंचायजी के बाद कई तरह की चर्चाओं ने जन्म लिया। मीडिया जगत में यह बात बड़ी तेजी से प्रचारित हुयी कि छत्तीसगढ़ में फ्रेंचायजी के नए फार्मूले के तहत तहलका वालों ने अपनी तरक्की की कोई नई स्ट्रेटजी इजाद की है।

इधर कार्यालय के उद्घाटन के बाद ऊर्जा सचिव अमन सिंह ने तहलका को सरकार की ओर से सभी तरह का सहयोग देने का आश्वासन दिया है और यह उम्मीद जताई है कि तहलका अब अपनी दशा और दिशा बदलने के लिए सार्थक प्रयास करेगा और विकासपरक पत्रकारिता को भी महत्व देगा। (?)

फिलहाल तहलका का नया कार्यालय यूजी, 54 शौर्य आर्केड, प्रेस काम्पलेक्स रजबंधा मैदान में खोला गया है। तहलका के इस कार्यालय को संचालित करने के लिए विज्ञापन, प्रसार, संपादकीय व अन्य विभागों में कुछ लोगों की नियुक्तियाँ की गयी हैं।