तीन पीढ़ियों के रिश्ते को नफरत के माहौल से टूटने नहीं देंगे : जयंत
तीन पीढ़ियों के रिश्ते को नफरत के माहौल से टूटने नहीं देंगे : जयंत
लखनऊ। मुजफ्फरनगर में आज दो-दो युवराज मौजूद थे। एक युवराज पूरे फौज-फर्ऱाटे के साथ कवाल गाँव पहुँचे थे बतौरसूबे के मुख्यमंत्री, जबकि स्थानीय युवराज राष्ट्रीय लोकदल महासचिव एवं लोकसभा सांसद जयन्त चौधरी आज दूसरी बार चुपके से मुजफ्फरनगर पहुँचे तथा हिंसा में मारे गये लोगों के परिवार वालों से बातचीत कर अपनी संवेदना व्यक्त की और लोगों से आग्रह किया कि वे मिलजुलकर रहें जो इस क्षेत्र की परम्परा रही है। पुलिस की नाकेबंदी के बावजूद जयन्त दूसरी बार क्षेत्र में घुसने में कामयाब रहे। इससे पहले 13 सितम्बर 2013 को उत्तर प्रदेश पुलिस के रोकने से पहले ही उन्होंने मेरठ जनपद के तीन गाँवों मोर खुर्द, मोहम्मदपुर शिखस्त तथा निलोखा का दौरा किया था। गाजियाबाद में प्रवेश करने के प्रयास में सांसद जयन्त चौधरी को 9 सितम्बर 2013 को गिरफ्तार किया गया था। रालोद अध्यक्ष तथा केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री चौ. अजित सिंह को 9 सितम्बर 2013 को उत्तर प्रदेश में नहीं जाने दिया उसके बावजूद भी 12 सितम्बर को उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
दंगों की सीबीआई जाँच की माँग करते हुये जयन्त चौधरी ने राज्य सरकार से न्याय न मिलने तक लड़ने तथा अयोग्य, भ्रष्ट और निर्दयी सपा सरकार को राज्य की सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि 7 सितम्बर तथा उसके बाद की घटनाओं में प्रशासन की भूमिका की जाँच होनी चाहिए।
रालोद की आईटी व मीडिया प्रकोष्ठ के कैप्टन एमके तायल ने बताया कि जयन्त चौधरी ने तड़के सुबह 5 बजे बिना किसी पार्टी पदाधिकारी को सूचित किये तथा बिना सुरक्षा के राज्य में प्रवेश किया तथा मुजफ्फरनगर में तीन गाँवों रहमतपुर, बसेड़ा और बोखलहेड़ी का दौरा किया। वह सबसे पहले बसेड़ा गाँव पहुँचे और बृजपाल सिंह राणा के परिवारीजनों से मिले एवं अपनी संवेदना व्यक्त की। खबर है कि बृजपाल सिंह महापंचायत से लौटते समय 7 सितम्बर 2013 को मारे गये थे। उनकी चार लड़कियाँ तथा एक लड़का है, तीन लड़कियों की शादी हो चुकी है तथा लड़का 12वीं में पढ़ रहा है। उसके बाद वह रहमतपुर पहुँचे और अजय के परिवारीजनों से मिले। अजय की 7 सितम्बर 2013 को जॉली गाँव में हिंसा के दौरान मौत हुयी थी।
उसके बाद जयन्त चौधरी बोखलहेड़ी गाँव पहुँचे तथा मृतक सोहनवीर और शौकत के परिवारीजनों से मिले। बाद में मुजफ्फरनगर में पार्टी के सांसद संजय सिंह चौहान के निवास पर जयन्त चौधरी ने दोनों समुदायों के बुजुर्ग लोगों के साथ बैठक कर पार्टी अध्यक्ष चौ. अजित सिंह का संदेश सुनाया जिसमें उन्होंने कहा, “मैं तीन पीढ़ियों के इस रिश्ते को नफरत के माहौल से टूटने नहीं दूँगा।” बैठक में दोनों समुदाय के लोगों में शाही इमाम मौलाना जाकिर, मौलाना फुरकान, मौलाना जमालुद्दीन, कारी जकी, मौलाना जैलुद्दीन, कृष्णपाल राठी, सुधीर भारती, ठा. अरुण सिंह तथा अन्य लोग उपस्थित थे।
रालोद नेता जयन्त चौधरी ने कहा, “मैंने दूसरी बार प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया है। मैंने दोनों समुदायों के नेताओं तथा परिवारों से मुलाकात की है। लोग प्रशासन से दुखी तथा नाराज हैं। उत्तर प्रदेश सरकार लोगों के जीवन से खिलवाड़ करने के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार है। मैं सीबीआई जाँच तथा जान-माल की हानि का उचित मुआवजा देने की मांग करता हूँ।”
जयन्त ने शांति तथा सुलह के लिए अपने-अपने समुदायों को मजबूत संदेश देने के लिए गाँव के बुजुर्गों की भूमिका पर जोर दिया। जयन्त चौधरी ने पार्टी के लोगों को शांति बहाल करने तथा सक्रिय रूप से गाँवों का दौरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, “जो लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, मैं उनसे शांति बनाए रखने का आग्रह करता हूँ तथा जो लोग अपने घर छोड़कर चले गए हैं, मैं उनको वापस लाने के लिए उनके गाँवों में अनुकूल माहौल तैयार करने का कार्य करूँगा।”


