नई दिल्ली, 17 जनवरी। फिल्म ‘दंगल’ में नन्हीं गीता फोगाट का किरदार निभाने वाली जायरा वसीम ने सोशल मीडिया के जरिए उन सभी लोगों से माफी मांगी है जो उनके हालिया गतिविधियों से नाराज हैं।

पिछले काफी वक्त से जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से मिलने के बाद जायरा को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा था।जायरा वसीम ने फेसबुक और ट्विटर पर माफीनामा जारी किया है। उन्होंने लिखा है कि

"हाल के दिनों में मैं जिन लोगों से मिली हूं, उससे कुछ लोगों को बुरा लगा है। मैं उन लोगों से माफी मांगना चाहती हूं, मेरा उन्हें दुख पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि मैं उनके जज्बातों का सम्मान करती हूं, खासकर वह सबकुछ जो पिछले 6 महीने के दौरान हुआ"।

इसके साथ ही जायरा ने लोगों से उन्हें रोल मॉडल मानने से साफ इनकार कर दिया है।

जायरा ने लिखा कि

"मुझे रोल मॉडल समझना उनकी बेइज्जती होगी और उनकी बेइज्जती हम सबकी बेइज्जती होगी। मैं यहां कोई बहस नहीं शुरू करना चाहती, मैं बस अपनी तरफ से कुछ कहना चाहती थी। अल्लालह करम फरमाए और हमें आगाह करे"।

दरअसल कुछ दिनों पहले जायरा ने महबूबा मुफ्ती से मुलाकात की थी, जिसमें मुफ्ती ने जायरा और उनके परिजनों की खूब तारीफ की थी। जिसके बाद से कुछ लोग जायरा को सोशल मीडिया पर ट्रोल करने लगे। यहां तक कि कुछ अलगाववादी उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे थे।

आपको बता दें कि जायरा मूल रूप से कश्मीरी हैं और दसवीं बोर्ड की परीक्षा में 92 फीसदी अंक हासिल कर घाटी के सबसे मुश्किल दौर में अपना लोहा मनवाया चुकी हैं।-

जायरा वसीम के फेसबुक प्रोफाइल से साभार