मोदी के पास 'आप' पर हमला बोलने के सिवा कोई विकल्प नहीं रह गया
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविन्द केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में भाजपा का कम्युनल कार्ड नहीं चलेगा और आप क्लीन स्वीप करने जा रही है।
समाचार एजेंसी एनएनआईएस के साथ एक साक्षात्कार में केजरीवाल ने कहा- “सारे सर्वे ये दिखा रहे हैं कि आम आदमी पार्टी क्लीन स्वीप करने जा रही है। एक टीवी चैनल के सर्वे ने बताया कि हमारे 51 प्रतिशत वोट शेयर हैं और बीजेपी का 40% वोट शेयर है। अगर 11% का डिफरेंस है दोनों में तो ये क्लीन स्वीप दिखाता है कि आम आदमी पार्टी को 50 से ज्यादा सीट मिल जाएं। दिल्ली मन बना चुकी है, दिल्ली वाले मन बना चुके हैं कि इस वक्त आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत से लाना है और पांच साल चलाना है।“
किरन बेदी के विषय में पूछे जाने पर उन्होंने कहा- “किरन बेदी जी के आने के बाद से बीजेपी का ग्राफ लगातार डाउन जा रहा है। किरन बेदी जी का क्या हुआ कि वो पुलिस में जो थीं, इसलिए उन्हें दिल्ली के आम आदमी की समस्याओं की जानकारी नहीं है। जैसे अभी एक इंटरव्यू मैं देख रहा था, जब उनसे अनऑथराइज्ड कॉलोनीज़ के बारे में पूछा गया तो उन्हें यही नहीं मालूम कि अनऑथराइज्ड कॉलोनीज़ क्या होती हैं। दिल्ली की जानकारी उन्हें नहीं है, मुद्दों की जानकारी उन्हें नहीं है। इसलिए ये दावं उन्हें उल्टा ही पड़ता जा रहा है। दिल्ली के लोगों को लग रहा है कि ऐसा व्यक्ति उन्हें चाहिए जो उनके बीच का हो। जो हमसे घुलता मिलता हो, जिससे हम मिल सकें, जिसे हम अपनी समस्या बता सकें। ये उनको आम आदमी पार्टी में नज़र आ रहा है।“
एक अन्य सवाल के उत्तर में केजरीवाल ने कहा- बहुत ही सेक्युलर है दिल्ली की जनता, सारे धर्मं के लोग एक साथ रहते हैं, भाई चारे में रहते हैं, यहां भाजपा का कम्युनल कार्ड नहीं चलने वाला है।
कुछ लोगों के आप चोड़ कर जाने के विषय में जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- ये तू-तू मैं-मैं की राजनीति में क्या रखा है। वो ये कहते हैं, आप ये कहते हैं। छोड़ो ये सब, जनता को इससे कुछ लेना देना नहीं, जनता कह रही है- हमारे बिजली के बिल कम कर दो जी, हमारे बच्चों को शिक्षा दिलवा दो जी, नौकरी दिलवा दो जी, जनता तो ये कह रही है।
उधर एक निजी समाचार चैनल के खबर दी है कि केजरीवाल ने कहा कि जमीनी स्तर पर बीजेपी के घटते समर्थन को देखते हुए नरेंद्र मोदी के पास 'आप' पर हमला बोलने के सिवा कोई विकल्प नहीं रह गया था। केजरीवाल ने कहा कि वह इस बात से निराश हैं कि मोदी ने दिल्ली के विकास एवं उसके लोगों के कल्याण के बारे में कुछ नहीं कहा।