दीदी जीत नहीं सकी तो बंगाल संघ परिवार के लिए वाटरलू!
दीदी जीत नहीं सकी तो बंगाल संघ परिवार के लिए वाटरलू!
फिरहाद का मिनी पाकिस्तान और रूपा लाकेट पर भारी सोनाली
सत्ता का वर्चस्व का आलम यह रहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष सोनाली गुहा ने खुलेआम माकपा प्रत्याशी और एजंट को मारकर खदेडने का फतवा दिया और केंद्रीय वाहिनी से भिड़ भी गयी तो दूसरी तरफ नारद स्टिंग में रिश्वतखोरी के लिए मशहूर दीदी के खास सिपाहसालार और मंत्री बाबी हाकिम ने अपने चुनाव क्षेत्र को मिनी पाकिस्तान बताक पाकिस्तानी रिपोर्टर को घुमाया।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक बंपर वोटिंग होने के वावजूद अंतिम चरण में 2011 के मुकाबले करीब ढाई फीसद वोट कम पड़े और वोटों में आयी इस कमी की वजह से साफ जाहिर है कि नतीजे भी कुछ उलटपुलट सकते हैं कमसकम पिछले चुनाव की तरह जस के तस नहीं होंगे।
एक्सकैलिबर स्टीवेंस विश्वास
कोलकाता (हस्तक्षेप)। जनादेश कोई बीजगणित और त्रिकोणमिति नहीं है। बने बनाये सारे फार्मूले धरे के धरे रह जाते हैं। चुनाव नतीजा अब चाहे जो हो, बंगाल की जनता एकबार फिर यह साबित करने जा रही है। नतीजा 27 को ही मालूम पड़ेगा और एक्जिट पोल भी तुरंत आ नहीं रहा है। नतीजों पर कयास ही लगाये जा सकते हैं और जीत का दावा कोई पक्ष छोड़ने को तैयार नहीं है।
भाजपा ने अगर विपक्ष के वोट पर बड़े पैमाने पर सेंध लगाने में कामयाबी हासिल कर ली तो दीदी की सत्ता में वापसी मुश्किल नहीं है, वरना बेहद मुश्किल है।
यही सबसे बड़ा निर्णायक कारक है, जिसे संघ परिवार ने पूरी ताकत झोंककर दीदी की जीत में तब्दील करने की कोशिश की है।
इसके बावजूद दीदी जीत नहीं सकी तो यह समझ लीजिये कि बंगाल संघ परिवार के लिए वाटरलू है।
पांचवें चरण की वोटिंग से कुछ घंटे पहले ही ममता बनर्जी के मंत्री फिरहाद हाकिम के गार्डन रीच इलाके को 'मिनी पाकिस्तान' करार देने पर बवाल हो रहा है। उन्होंने पाकिस्तान के डॉन अखबार की एक पत्रकार से बातचीत में इस इलाके को मिनी पाकिस्तान करार दिया।
भाजपा ऐसे मौके पर चूकती नहीं है और जाहिर है कि बाकी देश की तरह भारतमाता की जयजयकार के सिवाय बाकी कोई कसर भाजपा ने छोड़ी नहीं है और इससे दीदी को भवानीपुर में मुश्किल भी हो सकती है।
हाकिम के इस बयान के बाद बीजेपी ने लोगों से टीएमसी को वोट न देने की अपील कर दी। तो दीदी के खिलाफ भवानीपुर से चुनाव लड़ रहे नेताजी वंशधर चंद्रकुमार बोस ने इस बयान की कड़ी निंदा की है।
बीजेपी ने हाकिम को TMC से निकालने की मांग की है और इस मामले की चुनाव आयोग से भी शिकायत की है।
संघ परिवार की मानें तो हाकिम का यह बयान दरअसल मुस्लिम मतदाताओं को गोलबंद करने का तृणमूली रामबाण है।
अब अंतिम चरण में मतदान ही बाकी है। लेकिन बीरभूम से जो भूतों पर लगाम लगा केंद्रीय वाहिनी की मौजूदगी और कर्फ्यू जैसी स्थिति में कोलकाता और दक्षिण बंगाल के निर्णायक मतदान में जिस तरह व्यापक पैमाने पर वोटरों को अपना मताधिकार का इस्तेमाल करने का मौका मिला है तो यकीन के साथ कुछ भी कहना मुश्किल है सिवाय इसके कि चुनाव आयोग की सख्ती की वजह से कमसकम मतदान के दौरान हिंसा पर अंकुश लगा।
सत्ता का वर्चस्व का आलम यह रहा कि विधानसभा उपाध्यक्ष सोनाली गुहा ने खुलेआम माकपा प्रत्याशी और एजंट को मारकर खदेड़ने का फतवा दिया और केंद्रीय वाहिनी से भिड़ भी गयीं तो दूसरी तरफ नारद स्टिंग में रिश्वतखोरी के लिए मशहूर दीदी के खास सिपाहसालार और मंत्री बाबी हाकिम ने अपने चुनाव क्षेत्र को मिनी पाकिस्तान बताकर पाकिस्तानी रिपोर्टर को घुमाया।
बाकी दहशतगर्दी का आलम यह है कि मासूम बच्चों, औरतों और बूढ़ों से भी सियासत के दहशतगर्दों ने कोई रहम नही बरती और सत्ता जीतने के लिए सियासती गुंडों पर काबू पाने के लिए सुरक्षा बलों को बलप्रयोग करना पड़ा और केंद्रीय बलों को गोली तक चलानी पड़ी।
हालांकि अभीतक उपलब्ध आंकड़ो के मुताबिक बंपर वोटिंग होने के वावजूद अंतिम चरण में 2011 के मुकाबले करीब ढाई फीसद वोट कम पड़े और वोटों में आयी इस कमी की वजह से साफ जाहिर है कि नतीजे भी कुछउलटपुलट सकते हैं कमसकम पिछले चुनाव की तरह जस के तस नहीं होंगे। हालांकि, मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारों की वजह से कई स्थानों पर निर्धारित समयसीमा से अधिक समय तक मतदान जारी रहा।
दोपहर तीन बजे तक 72 फीसद वोट पड़ चुके थे और इस हिसाब से पिछले चुनावों के मुकाबले शाम छह बजे तक तीन घंटे की अवधि में दस फीसद वोट भी नहीं पड़े तो समझना चाहिए कि बूथ और वोट लुटेरे वोटरों की खास चली नहीं है।
वरना दोपहर के बाद ही बूथों पर कब्जे की रघुकुलरीति है और एक झटके से मतदान सौ फीसद तक करा लेने की वैज्ञानिक विधि है, जैसा कि जंगल महल में बेहद कामयाब भी रही। वैसी कामयाबी अनुब्रत को बोतलबंदी करने के बाद बाकी असरदारों, बाहुबलियों और भूत बिरादरी पर सख्ती और जरुरत के मुताबिक उन्हें बोतलबंद नजरबंद करने की वजह से फिर नहीं मिली तो दांव कहां कैसे उलट चुका है, कहा नहीं जा सकता।
बहरहाल चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में 78.25 फीसदी मतदान हुआ जबकि 186 लोग चुनावी कदाचार और छिटपुट हिंसा की घटनाओं के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए । हिंसा में कम से कम 15 लोग घायल हो गए।
रूपा गांगुली और लाकेट पर भारी सोनाली की दीदीगिरी
अब तक भूतबिरादरी के अलावा दीदी गिरि का टीआरपी बंगाल के चुनावों में सबसे ज्यादा रहा है। इस मामले में भाजपा की फिल्मस्टार नेता रूपा गांगुली और लाकेट चटर्जी में एक दूसरे से आगे निकलने की होड़मची थी लेकिन विधानसभा उपाध्यक्ष की दीदीगिरि के आगे अब उनकी टीआरपी का कोई भाव नहीं है।
विधानसभा की उपाध्यक्ष सोनाली गुहा के खिलाफ चुनाव आयोग ने एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।
वैसे एफआईआर रूपा खिलाफ भी हाथ चला देने के आरोप में दर्ज है और उन्हें अदालत से जमानत मिल गयी और उनके बचाव में भाजपा ने वकीलों की फौज खड़ी कर दी।
सोनाली गुहा दक्षिण 24 परगना जिले के सतगछिया विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं। जहां से कभी कामरेड ज्योति बसु जीतकर आते थे।
फिरहाद हकीम का मिनी पाकिस्तान
दैनिक प्रभात खबर के मुताबिक तृणमूल कांग्रेस सुप्रीम व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक मंत्री ने उनके लिए नयी परेशानी खड़ी कर दी है। पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार के मंत्री बॉबी फिरहाद हकीम ने पाकिस्तान की पत्रकार मलीहा हमीद सिद्दीकी को अपने निर्वाचन क्षेत्र में घुमाते हुए कहा कि आइए मैं आपको यहां मिनी पाकिस्तान दिखाता हूं।
मंत्री बॉबी फिरहाद हकीम ने मिनी पाकिस्तान कोलकाता के गार्डन रिच इलाके को कहा है। उनकी यह टिप्पणी और पूरी खबर कल पाकिस्तान के अग्रणी द डॉन अखबार में छपी है। फिरहाद हकीम पश्चिम बंगाल के नगर विकास मंत्री हैं। फरहाद नारद स्टिंग वीडियो टेपो में कथित रूप से नजर आए थे। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद मंत्री फिरहाद ने कहा कि वे इस संबंध में कोई बात नहीं करेंगेॉ। उन्होंने आज मतदान भी किया।
इसके बाद आज पश्चिम बंगाल के आखिरी चरण के विधानसभा चुनाव के दौरान नया विवाद खड़ा हो गया है। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता सिद्धार्थनाथ सिंह ने राज्य की जनता से अपील की है कि अपने देश के हिस्से को मिनी पाकिस्तान बताने वाले ममता बनर्जी के मंत्री व उनकी पार्टी को राज्य की जनता वोट नहीं दे।
सिंह ने कहा है कि संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति आखिर ऐसा कैसे कह सकता है?
फिरहाद हकीम ने इस मुद्दे के तूल पकड़ने के बाद अपना मुंह खोला है। एक अंगरेजी न्यूज चैनल के अनुसार, फिरहाद ने कहा है कि प्रधानमंत्री बार-बार पाकिस्तान जायें तो यह ठीक है और अगर मैं कुछ कहता हूं तो यह एक मुद्दा बन जाता है।
गौरतलब है कि फिरहाद हकीम कोलकाता के कोलकाता पोर्ट सीट से उम्मीदवार हैं और यहां का मुसलिम बहुल इलाके गार्डन रिच के लिए मिनी पाकिस्तान शब्द का प्रयोग किया है।
भाजपा नेता सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि फिरहाद वही शख्स हैं, जिनके मंत्रालय के तहत निर्माणधीन विवेकानंद सेतु गिरा और बेकसूरों की मौत हुई.। उन्होंने कहा कि फिरहाद ममता बनर्जी के बेहद खास हैं।


