देवताओं से मिली इन्हें मारनें की सनद
वे जब तुम्हे मार देंगे
ढूँढेंगे तुम्हे मारने की वजह
वैसे उन्हे बतानें की जरूरत कहां है
बिना वजह भी मार देंगे
बेवजह मारना भी एक वजह है
विचारक वकील दलील जुटा देंगे
देवताओं से मिली है उन्हे मारने की सनद
बोलना लिखना पढ़ना भी एक जायज़ वजह है मारने की
ऐसा न करना भी एक वजह है
मरने वाला उनके हित मे लिखता नहीं था
उनकी पुस्तकें पढ़ता नहीं था
विधर्मी था
नास्तिक था
तर्क करता था
इसलिये और बडा गुनाहगार था
जन्मा था विभाजन के पूर्व
पासपोर्ट में लिखा है तो विदेशी हुआ
देशद्रोही हुआ
मुझ पर भी लागू हैं इनके पैमाने
मार दिया जाऊँ तो
जरूर आना पंगत में खाना खानें
// जसबीर चावला //