देशभक्त भाजपा सरकार देश को देशी-विदेशी कॉरपोरेट लुटेरों के हवाले कर रही
मुकेश कुमार
भागलपुर। बीजेपी शासित राज्य झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव बर्बर पुलिस गोलीकांड के खिलाफ बिहार के भागलपुर में न्याय मंच के बैनर तले स्टेशन चौक पर प्रतिवाद- प्रदर्शन व नुक्कड़ सभा का आयोजन हुआ.
बता दें पिछले कई दिनों से ग्रामीण एनटीपीसी द्वारा भूमि अधिग्रहण व खनन के खिलाफ शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से 'कफन सत्याग्रह' चला रहे थे. कल आधी रात से पुलिस दमन की सीधी कार्रवाई शुरु हुई। ग्रामीणों ने भी प्रतिरोध किया, अंतत: कल सुबह पुलिस ने बर्बर गोलीकांड को अंजाम दिया. मीडिया के मुताबिक अभी तक 6 लोगों के मारे जाने, कई के गायब होने तथा कई एक के जीवन-मौत से जूझने व दर्जनों के घायल होने की खबर है.
भागलपुर स्टेशन चौक पर शाम को आयोजित प्रतिवाद प्रदर्शन के मौके पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए न्याय मंच के रिंकु ने कहा कि जमीन व जंगल बचाने के लिए जारी लोकतांत्रिक आंदोलन के बर्बर दमन ने देशभक्त भाजपा की सरकार के फासीवादी चरित्र को ही सामने लाया है. भगवा देशभक्तों की देशभक्ति देश के सीमाओं के अंदर किसानों-आदिवासियों को ही निशाना बनाती है. लोकतंत्र की हत्या व जनसंहार रचाती है.

सरकार का फासीवादी चरित्र सामने आया
न्याय मंच के डॉ मुकेश कुमार ने कहा कि झारखंड सरकार के बर्बर दमन की कार्रवाई ने अंग्रेजी राज की यादें ताजा कराई है. सचमुच में देशभक्त भाजपा की सरकार केन्द्र से झारखंड तक देश को देशी-विदेशी कॉरपोरेट लुटेरों के हवाले कर रही है. देश की आजादी व लोकतंत्र को निशाने पर ले रही है. लेकिन देशभक्त किसान-आदिवासी-दलित-वंचित व छात्र-नौजवान, बुद्धिजीवी भाजपा के फासीवादी-देशद्रोही मनसूबों को सफल नहीं होने देंगे.
उन्होंने कहा कि झारखंड की रघुवर सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है. लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गयी, वैसी किसी भी सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है जो लोकतंत्र व जन अधिकारों की हत्या करती हो. अपनी जनता का कत्लेआम करती हो।
सभा को रिंकु ने भी संबोधित किया।
उक्त अवसर पर छात्र नेता अंजनी, मानस, समाजकर्मी प्रवीर, सार्थक भारत, बाकिर अली, अर्जुन शर्मा, सुमन कुमार, संजीव कुमार, सोनम राव सहित दर्जनों लोग उपस्थित हुए।