नए विकल्प के लिए इकट्ठा हुई जनांदोलनों की ताकतें
नए विकल्प के लिए इकट्ठा हुई जनांदोलनों की ताकतें
रोजगार के अधिकार के लिए हुई युवा संकल्प सभा
लखनऊ। ‘ उत्तर प्रदेश बचाओ-उत्तर प्रदेश बनाओ ’ अभियान की ओर से गंगा प्रसाद मेमोरियल हाल में ‘युवा संकल्प सभा’ का आयोजन हुआ। सभा में मौजूद लोगों ने सम्मानजनक रोजगार, शिक्षा के अधिकार को प्राप्त करने, प्रदेश में परिवारवाद/वंशवाद, नफरत और साम्प्रदायिक जुनून की राजनीति के विरोध में खड़े होने का संकल्प लिया।
सभा में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण सुरक्षा के मुद्दों पर प्रदेशव्यापी अभियान तेज करने का फैसला लिया गया।
सभा में भ्रष्टाचार, महिला विरोधी हिंसा और जातीय भेदभाव के विरोध में प्रस्ताव लेते हुए उच्च पदों पर बैठे भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए सीबीआई के दुरुपयोग की कड़ी आलोचना की गयी और भ्रष्टाचारियों को जेल के सलाखों के पीछे ले जाने के लिए आंदोलन खड़ा करने का निर्णय लिया गया।
सभा में सरकारी नौकरियों में खाली लाखों पदों को बिना किसी देरी के भरे जाने और चयनप्रक्रिया को शुल्कमुक्त, पारदर्शी व विधिसम्मत बनानेे की मांग उठाते हुए नियुक्ति आयोग/समितियों में अयोग्य, आपराधिक कृत्य में लिप्त लोगों को नियुक्त करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बर्बाद करने वाली सरकार की कड़ी निंदा की गयी।
सभा में वित्तीय अनुशासन के नाम पर शिक्षा, रोजगार, प्रशिक्षण, अप्रेंटिस आदि मदों में हो रही भारी कटौती पर अपना प्रतिवाद दर्ज कराया गया। उच्चतर प्रौद्योगिकी तथा शोध संस्थानों को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के तर्ज पर ढालने की नीति को नामंजूर करते हुए शिक्षा को सबको समान रुप से देने, सार्थक ज्ञान और चेतना विकसित करने के साधन के रुप में अपनाने की मांग की गयी।
सभा में तेजी से बढ़ती महंगाई पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए वायदा कारोबार और जमाखोरी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की गयी।
संकल्प सभा में चौपट हो रही खेती-किसानी पर चिंता व्यक्त करते हुए नोट किया गया कि खेती ही हमारी अर्थव्यवस्था की जीवन रेखा है और खेती-किसानी, कृषि आधारित उद्योग, छोटे-मझोले उद्योग तथा दस्तकारी क्षेत्र के विकास से ही रोजगार सृजन और देश का वास्तविक विकास हो सकता है। संकल्प सभा में किसानों और आम नागरिकों की कीमत पर कारपोरेट घरानों को दी जा रही छूट को समाप्त करने और कृषि, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे जनहित के मदों पर बजट में पर्याप्त धन आवंटित करने की मांग की गयी। इस सभा को डा० सूर्य प्रताप सिंह, वरिष्ठ आईएएस, वी० एम० सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष, किसान मजदूर संगठन, अखिलेन्द्र प्रताप सिंह, संयोजक, आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ), शाहिद सिद्दीकी, वरिष्ठ पत्रकार, अमरेश मिश्रा प्रगतिशील बुद्विजीवी, नाहिद अकील, मो० अदीब पूर्व सांसद, एस० आर० दारापुरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता, आइपीएफ आदि ने सम्बोधित किया। सभा में पूरे प्रदेश से आए नौजवानों का स्वागत तारिक सिद्दीकी ने किया। सभा की अध्यक्षता पूर्व सांसद इलियास आजमी व संचालन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष लाल बहादुर सिंह ने किया।


