नोटबंदी : 105 लोगों की मौत, एक-दो बड़े उद्योगपतियों की राय पर लिया फैसला - मुलायम सिंह यादव
नई दिल्ली, 5 दिसंबर : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि उसने देश के एक-दो बड़े उद्योगपतियों की राय पर नोटबंदी का फैसला किया और राजनीतिक दलों को विश्वास में नहीं लिया गया.
देश भर में 105 लोगों की मौत के मामले
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने आज लोकसभा में कहा कि नोटबंदी के फैसले के बाद आ रही कठिनाइयों के चलते और कतारों में खड़े रहने से उत्तर प्रदेश में 16 लोगों की और देशभर में 105 लोगों की मौत के मामले सामने आये हैं।

उन्होंने सरकार से पूछा,
‘‘ आपको यह काम करना था तो सभी दलों के नेताओं को बुलाने में क्या परेशानी थी.’’
500 और 1000 रुपये के नोटों को अमान्य करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान का जिक्र करते हुए मुलायम ने कहा कि चुपके से रात आठ बजे (आठ नवंबर को) आपने फैसला सुना दिया। इस फैसले से पहले हममें से किसी को विश्वास में नहीं लिया गया।
पता नहीं क्या श्रेय लेना चाहते हैं ?
प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह ने कहा,
‘‘पता नहीं क्या श्रेय लेना चाहते हैं। देश के एक-दो बड़े उद्योगपतियों की राय से यह सब हुआ है। हमारी राय से यह नहीं हुआ।’’
नोटबंदी के मुद्दे पर सदन में चर्चा को लेकर बने हुए गतिरोध और विपक्ष की मतविभाजन की मांग के बीच सपा नेता ने कहा कि आसन को इस विषय को बहुत गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि
‘‘इससे बड़ा मुद्दा सदन के सामने आ नहीं सकता।’’
श्री यादव ने सवाल किया कि सरकार ने इस फैसले के बाद किसान और व्यापारियों के लिए क्या किया है?

मुलायम सिंह यादव ने कहा कि हम (समाजवादी पार्टी) जनता का दुख दर्द कहना चाहते हैं।

दिल्ली-संसद में सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का बयान-अभी तक रबी फसल की बुआई नहीं हो पाई,किसान,व्यापारियों को सबसे ज्यादा नुकसान pic.twitter.com/CfMUk7DG1n
— ETV UP/UK (@ETVUPLIVE) December 5, 2016

दिल्ली-संसद में सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का बयान-1000-500 के पुराने नोट बंद होने से जनता परेशान,ग्रामीण और शहरी लोग लाइन में लगे हैं pic.twitter.com/d0PExK6TUw
— ETV UP/UK (@ETVUPLIVE) December 5, 2016