नोटबंदी पर एक और बलि, लखीमपुर में बैंक की कतार में लगे एक व्यक्ति की मौत
लखनऊ, 28 दिसंबर। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के धौरहडा थानाक्षेत्र के सिसैया गांव में आज बैंक की कतार में लगे एक व्यक्ति की मौत हो गयी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मेंहदी हसन (55) पैसा निकालने के लिए इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के चक्कर एक हफ्ते से काट रहा था। आज वह सुबह ही बैंक की लाइन में लग गया, लेकिन नंबर आने से पहले ही वह गश खाकर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
खबरों में बताया गया है कि हसन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
धौरहडा के बसपा विधायक शमशेर बहादुर सिंह ने हसन की मौत के लिए केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। यह नोटबंदी का दुष्परिणाम है।
सिंह ने हसन के परिजनों के लिए मुआवजे की भी मांग की।