नोटबंदी : सरकारी कर्मचारियों को वेतन न मिलने का आरोप, विपक्ष का हंगामा
नई दिल्ली 5 दिसंबर। आज राज्यसभा में जबरदस्त हंगामे के चलते तेरहवें दिन भी सदन में कोई काम-काज नहीं हो सका। विपक्ष ने नोटबंदी के कारण सरकारी कर्मचारियों को वेतन और पेंशन धारकों को पेंशन न मिलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया जिसके चलते दो बार के स्थगन के बाद कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गयी।
सदन की कार्यवाही प्रारंभ होने पर विपक्ष के नेता गुलाम नबी आज़ाद ने शून्यकाल में सरकारी कर्मचारियों को वेतन न मिलने और पेंशन धारकों को पेंशन न मिलने का मुद्दा जोर से उठाया, लेकिन सरकार की ओर से कोई जवाब न दिए जाने के कारण विपक्ष ने हंगामा किया और सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।

प्रश्नकाल शुरू होने पर विपक्षी सदस्यों ने फिर उसी तरह हंगामा किया और सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गयी।
भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही शुरू होने पर उपसभापति पी जे कुरियन ने समाज कल्याण अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत को दिव्यांग व्यक्ति अधिकार विधेयक 2014 पेश करने को कहा तब विपक्षी सदस्य सभापति के आसन के पास आकर नारेबाजी करने लगे।

विपक्षी सदस्य ‘जनता का पैसा, जनता को दो’ के नारे लगा रहे थे।
शोर शराबे में गहलोत ने विधेयक तो पेश कर दिया, लेकिन विपक्ष के कड़े तेवर को देखते हुए विधेयक को पारित नहीं कराया जा सका।
सदन में कांग्रेस के उप नेता आनंद शर्मा, तृणमूल के सुधेंदु राय और समाजवादी पार्टी के नरेश अग्रवाल तथा मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के तपन सेन ने भी कहा कि कर्मचारियों, मजदूरों तथा पेंशन धारकों को नोट बंदी के कारण उनका पैसा नहीं मिल पा रहा है, जिससे देश में अराजकता की स्थिति पैदा हो गयी है।

उनका यह भी कहना था वे दिव्यांग व्यक्ति अधिकार विधेयक के पक्ष में हैं लेकिन सदन में अव्यवस्था की हालत को देखते हुए विधेयक को पारित नहीं कराया जा सकता है।
भाजपा के भूपेंद्र यादव का कहना था कि विपक्ष चर्चा से भाग रहा है और वह नोटबंदी पर चर्चा नहीं चाहता। सदन में विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहा तब कुरियन ने गहलोत से कहा कि वह सदन में अव्यवस्था को देखते हुए इस विधेयक को पारित नहीं करा सकते।
इसके बाद कुरियन ने सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी।

Ye log satta mein baith kar bhaandgiri kar rahe hain: Naresh Agarwaal,SP to treasury benches in RS #DeMonetisation
— ANI (@ANI_news) December 5, 2016

Jab ye sarkar mein the toh har ball pe hit wicket hote the aur ab jab vipaksh mein hain to har ball no ball kar rahe hain: MA Naqvi in RS pic.twitter.com/DZt5Qbw3Fj
— ANI (@ANI_news) December 5, 2016

Uproar continues in Rajya Sabha over #DeMonetisation , opposition MPs raise slogans in the well of the house pic.twitter.com/nRoBnzrS22
— ANI (@ANI_news) December 5, 2016