नई दिल्ली। पटेल चेस्ट इंस्टिट्यूट में काम कर रही नर्से दिल्ली नर्सेस यूनियन के तहत अपनी मांगों को लेकर पिछले 7 दिनों से हड़ताल पर बैठी हैं।

दिल्ली स्टेट गवर्नमेंट हॉस्पिटल कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने पटेल चेस्ट इंस्टिट्यूट की नर्सों के इस संघर्ष में उनका समर्थन कर रही है।

एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि पिछले 7 दिनों से हड़ताल पर बैठी नर्सों की मांग है कि छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के अंतर्गत आने वाले सभी लाभ उन्हें दिए जाएं, साथ ही बोनस, मरीज भत्ता और जोखिम भत्ता भी मुहैया कराया जाए।

पटेल चेस्ट इंस्टिट्यूट के प्रशासन के दबाव के बावजूद भी नर्सें अपनी हड़ताल को बहादुरी के साथ आगे बढ़ा रही हैं। दिल्ली स्टेट गवर्नमेंट हॉस्पिटल कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की तरफ से नर्सों के इस संघर्ष में अपना समर्थन देते हुए शिवानी ने कहा कि स्थायी नर्सों के इस संघर्ष में अन्य सरकारी हस्पतालों में काम कर रहे संविदा कर्मचारी भी उनके साथ हैं। यह लड़ाई केवल स्थायी नर्सों की नहीं बल्कि सरकारी हस्पतालों में काम कर रहे सफाई कर्मचारियों, नर्सिंग ऑर्डर्ली, ठेके पर काम कर रहे सभी हस्पताल कर्मियों की ल़ड़ाई है। सरकारी हस्पतलों में मरीजों की संख्या वहा मौजूद सुविधाओं की तुलना में कहीं अधिक है, जिसके चलते नर्सों पर काम का बेहद दबाव रहता है। ऐसे में लम्बी शिफ्टों में काम करने के बावजूद नर्सों को पूरा मेहनताना भी नहीं मिलता।