पत्रकार को जलाकर मारने का यूपी मॉडल अब मप्र में, पत्रकार की हत्या के बाद लाश जला दी
पत्रकार को जलाकर मारने का यूपी मॉडल अब मप्र में, पत्रकार की हत्या के बाद लाश जला दी
नई दिल्ली। पत्रकार को जलाकर मारने का यूपी मॉडल अब दूसरे राज्यों में भी अपनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक राज्यमंत्री पर पत्रकार जगेंद्र सिंह को जलाकर मारने के आरोप लग रहे हैं और सरकार आरोपी मंत्री के साथ खड़ी है। जलाकर मारने का ये मॉडल अपनाए जाने की ताजा खबर मध्य प्रदेश से आई है, जहां पत्रकार की हत्या के बाद लाश जला दी गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मध्यप्रदेश के बालाघाट ज़िले में एक पत्रकार के अपहरण के बाद कथित हत्या का मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस ने बताया है कि अपहरण के आरोप में गिरफ़्तार तीन अभियुक्तों ने कहा है कि उन्होंने पत्रकार की हत्या के बाद उनका शव जला दिया है।
बालाघाट के कटंगी के निवासी 44 वर्षीय संदीप कोठारी का 19 जून की रात को अपहरण कर लिया गया था। उनके परिवार ने 20 जून को उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कटंगी के एसडीओपी जगन्नाथ मरकाम का बयान मीडिया में आया है, “हमने इस मामले में एक टीम नागपुर भेजी है। ताकि बताए हुए स्थान से लाश को बरामद किया जा सके।"
बताया जा रहा है कि संदीप स्थानीय भू-माफ़िया और बालू खनन माफ़िया के ख़िलाफ़ लगातार शिकायत कर रहे थे।
हत्या का इन माफ़िया से संबंध होने के सवाल पर मरकाम ने कहा, "इस मामले में जांच की जा रही है. जाँच हो जाए तभी पता चलेगा की हत्या की वजह क्या थी।”
पुलिस ने बताया कि मामले का चौथा अभियुक्त अभी फ़रार है।


