पत्रकारों का सम्मान व उनकी सुरक्षा के लिए उपजा ने राज्यपाल को दिया ज्ञापन
लखनऊ,8 दिसम्बर। यू.पी. जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (उपजा) के पदाधिकारियों ने कल बुधवार को पत्रकारों की समस्याओं को लेकर सात सूत्रीय ज्ञापन राज्यपाल राम नाईक को दिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सम्बोधित सात सूत्रीय ज्ञापन में उपजा ने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए देश में पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने, मीडिया आयोग का गठन किए जाने, वेज वोर्ड की सिफारिशें लागू करने, डीएवीपी एवं आर एन आई नीति में परिवर्तन करने, वर्ष 2008 से लम्बित पत्रकार मान्यता समिति एवं विज्ञापन मान्यता समिति का गठन करने के साथ ही जिला स्तर के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को भी सरकारी अस्पतालों, एसजीपीजीआई तथा लोहिया संस्थान में नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

राज्यपाल को ज्ञापन देने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए उपजा प्रदेश अध्यक्ष दीपक अग्नहोत्री ने संवाददाताओं को बताया कि
आज पूरे देश में नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स इंडिया(एनयूजेआई) के आह्वान पर देश के सभी राज्यपालों, मंडल कमिश्नरों व जिलाधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजे गये ज्ञापन में पत्रकारों के सम्मान तथा उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को तत्काल पूरा कराने का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से किसी सरकारी कर्मी के द्वारा सरकारी कार्य में बाधा की शिकायत दर्ज करा दी जाती है, ठीक उसी प्रकार से पत्रकार भी समाचार संकलन के दौरान जब घायल होते हैं, तब उन्हें भी मीडिया कानून के तहत अपनी शिकायत दर्ज कराने का अधिकार मिलना चाहिए। क्योंकि कवरेज के समय पत्रकार भी ड्यूटी पर ही होते हैं।
ज्ञापन देने वालों में उपजा प्रदेश अध्यक्ष दीपक अग्नहोत्री, वरिष्ठ पत्रकार वीर विक्रम बहादुर मिश्र, पूर्व सूचना आयुक्त वीरेन्द्र सक्सेना, पीटीआई के पूर्व ब्यूरो प्रमुख प्रमोद गोस्वामी, माया पत्रिका के पूर्व ब्यूरो प्रमुख अजय कुमार, लखनऊ जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत सिंह(राष्ट्रीय सहारा), केके वर्मा (आज), आरबी सिंह (उत्तर भारतीय पत्रिका), अरविन्द द्विवेदी आज उरई, संजय गुप्त, राजीव नारायण मिश्र, वृजराज परिहार, विनोद मिश्र, वैदेही शरण शुक्ल, लालजी समाधिया प्रमुख रूप से मौजूद थे।