निर्वाचन आयोग से अनुमति लिए बिना फ्लैक्स बोर्ड लगाने का मामला
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी की ओर से मीडिया प्रभारी राजेन्द्र पाध्ये और मंत्री सुरेन्द्र कौशिक ने पाटन विधानसभा के पूर्व विधायक भूपेश बघेल के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन तथा संपत्ति विरुपण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज करने की मांग लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

मीडिया प्रभारी राजेन्द्र पाध्ये ने बताया कि पाटन विधानसभा में कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी व पूर्व विधायक भूपेश बघेल द्वारा द्वारा बड़ी संख्या में स्वयं की तस्वीर और कांग्रेस के चुनाव चिन्ह युक्त 2 बाई 3 फीट के फ्लैक्स बोर्ड लगाये गए हैं, जिसमें पाटन विधानसभा क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए नवरात्र, दशहरा व दीपावली का शुभकामना का संदेश लिखा है, इस प्रकार श्री भूपेश बघेल द्वारा जनता को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है जबकि इसके लिए निर्वाचन आयोग से किसी प्रकार की अनुमति नही ली गई है।

राजेन्द्र पाध्ये ने मांग की है कि बगैर अनुमति लगाए गए हजारों की संख्या में इन फ्लैक्स बोर्डस को जब्त करके भूपेश बघेल के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया जाए। ये सारे फ्लैक्स पाटन विधानसभा के पाटन शहर के अलावा ग्राम सोनपुर, पंदर, बेल्हारी, कसही, देमार, देवादा, फुण्डा, तर्रा, लोहरसी, जामगांव, अमलेश्वर, पाहन्दा, तर्रीघाट सहित अनेक ग्रामों में लगाए गए हैं।

सुरेन्द्र कौशिक ने बताया कि त्यौहारों के शुभकामना वाले ये फ्लैक्स बोर्ड कुछ स्थानों पर बिजली खंभो और पेड़ों पर लटकाये गए हैं जो कि शासकीय संपत्ति है। शासकीय संपत्ति का चुनाव प्रचार में उपयोग किया जा रहा है इसलिए कांग्रेस के पूर्व विधायक के विरुद्ध संपत्ति विरुपण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्यवाही की जाए।