प्रचंड को बिहार आने का न्यौता दिया नीतीश ने
प्रचंड को बिहार आने का न्यौता दिया नीतीश ने
बिहार के मुख्य मंत्री नीतीश कुमार ने नेपाल के प्रधान मंत्री प्रचंड से मिलकर उन्हें बिहार आने का निमंत्रण दिया।
नई दिल्ली। 15 सितम्बर 2016 : बिहार के मुख्य मंत्री नीतीश कुमार ने आज नई दिल्ली में नेपाल के प्रधान मंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड‘ से नेपाल दूतावास में शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें बिहार आने का निमंत्रण दिया, जो उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया और अगली बार भारत दौरे के दौरान आने का आश्वासन दिया।
श्री कुमार ने पत्रकारों से बातचीत के क्रम में बताया कि श्री प्रचंड जी के प्रधान मंत्री बनने पर बेहद खुशी हुई है।
उनसे पहले भी जब वे प्रधान मंत्री बने थे तो उनसे मुलाकात हुई थी और जब मैं नेपाल गया था तब भी उनसे मुलाकात हुई थी। अब जब वे पुनः प्रधान मंत्री बने और भारत आए हैं तो उनसे मिलने आया हूँ और उनसे अनुरोध किया है कि वे अगली बार आए तो पटना आएँ, बोध गया और राजगीर देखें।
उन्होंने बताया कि भारत और नेपाल के बीच कई ऐसे विषय हैं जिसपर भारत के प्रधान मंत्री राष्ट्रीय स्तर पर बातचीत करेंगे। परन्तु नेपाल से कई ऐसी नदियाँ है जो उत्तर बिहार होकर गुजरती हैं जैसे कोसी, गंडक, बागमती आदि उससे संबंधित परेशानियों पर चर्चा हुई। बिहार की एक लम्बी सीमा है जो बिहार से मिलती हैं और इस कारण हमारे बीच आत्मीय संबंध हैं जो सिर्फ एक दो देशों में होने वाले संबंध तक ही सीमित नहीं है बल्कि हममें एक स्वाभाविक रिश्ता है जिसका हमे ख्याल रखना होगा।
मुख्य मंत्री श्री कुमार के साथ पूर्व सांसद के0सी0 त्यागी एवं पवन वर्मा भी मुलाकात के दौरान उपस्थित रहे। अधिकारियों में अतीस चन्द्रा, सचिव एवं विपिन कुमार, स्थानिक आयुक्त, बिहार भी भौजूद थे।


