दम है कितना दमन में तेरे देख लिया और देखेंगे
इलाहाबाद। इलाहाबाद में आज प्रो. कलबुर्गी की हत्या के विरोध में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। इलाहाबाद के लेखकों, संस्कृतिकर्मियों और बुद्धिजीवियों ने चंद्रशेखर आजाद के शहादत स्थल से लाल पद्मधर के शहादत स्थल तक विरोध जुलूस निकाला
प्रतिरोध मार्च में इलाहाबाद भर के सभी लेखक संगठनों, छात्रों, ट्रेड यूनियन, रंगकर्मियों ने बढ़ चढ़ के हिस्सा लिया और ज़बरदस्त नारेबाजी और भाषणों में अपने गुस्से का इज़हार किया।
वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी कामरेड जिया उल हक, जनवादी लेखक संघ के अध्यक्ष दूधनाथ सिंह और जन संस्कृति के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार की अगुवाई में सैकड़ों की संख्या में जुटे लोगों ने जबर्दस्त प्रतिरोध दर्ज कराया। कट्टरवादी और फासीवादी ताकतों के खिलाफ यह प्रतिरोध जुलूस जुलूस जिस-जिस मार्ग से निकला, समर्थकों का कारवां बढ़ता चला गया। कटरा और कर्नलगंज के निवासियों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर जुलूस का खैरमकदम किया।