प्रो. रघुवंश के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि-उनके विचारों को धरती पर उतारने का प्रयास हो- नीतीश कुमार

नई दिल्ली, 23 अगस्त 2016: बिहार के मुख्य मंत्री नीतीश कुमार ने दिवंगत प्रो. (डा0) रघुवंश की पुस्तक ‘‘हम भीड़ हैं‘‘ नामक प्रकाशित पुस्तक का आज विमोचन करते हुए कहा कि प्रो. (डा0) रघुवंश के प्रति आज की सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके विचारों को धरातल पर उतारने का सतत् प्रयास किया जाय।

विचार न्यास द्वारा आयोजित आज का कार्यक्रम सुप्रसिद्व समाजवादी चिन्तक एवं साहित्यकार प्रो. रघुवंश के संकलन का लोकार्पण समारोह था।
आयोजन की अध्यक्षता एवं संचालक डी0पी0 त्रिपाठी ने उक्त अवसर पर बताया कि प्रो. रघुवंश की यह दिली इच्छा थी कि अगर कभी उनकी पुस्तक का विमोचन हो तो वो किसी सच्चे समाजवादी से ही कराया जाना चाहिए।
श्री त्रिपाठी ने बताया कि जब हम लोगों ने इस पर विचार करना शुरू किया तो सब में एक ही समाजवादी के नाम पर सहमति बनी और वो थे- बिहार के मुख्य मंत्री नीतीश कुमार।
उक्त समारोह के प्रमुख वक्ता थे- प्रमुख संपादक, प्रभात खबर एवं जद (यू0) सांसद (राज्य सभा), हरिवंश, कुर्बान अली, एवं अशोक बाजपेयी।

प्रो. रघुवंश की इस पुस्तक की सामग्री का संकलन उनकी विदुषी पुत्री प्रो. श्रीमती सुजाता रघुबंश ने किया था।
पुस्तक को राजकमल प्रकाशन द्वारा प्रकाशित किया गया है।

श्री नीतीश कुमार ने उक्त अवसर पर बताया कि प्रो. रघुवंश के विचारों से वे कांग्रेस सरकार द्वारा घोषित आपातकाल और जे0पी0 आंदोलन के दिनों से ही अवगत थे। वे न केवल इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ही शिक्षक थे, बल्कि समाजवादी आंदोलन के भी एक प्रखर शिक्षक थे।
उक्त अवसर पर बिहार के मुख्य मंत्री ने इस पुस्तक के बेहतरी के लिए एक सुझाव देते हुए उनके पुत्री श्रीमती सुजाता रघुवंश से अनुरोध भी किया कि यदि उक्त संकलित लेखों की प्रकाशन की अवधि भी इंगित होती तो युवा पीढ़ी को इससे काफी फायदा होता। उन्होंने बताया कि जब वे इस पुस्तक को पढ़ रहे थे तो वे लेखों के संदर्भ को इसलिए समझ जा रहे थे, क्योंकि उन्होंने उस दौर को देखा था। परन्तु नई पीढ़ी को उस संदर्भ को समझने में दिक्कत आएगी- इसलिए लेखों के प्रकाशन का समय व्यक्त होने से युवा पीढ़ी भी उस दौर को समझ पाएगी।
इस पुस्तक विमोचन के अवसर पर आर0सी0पी0 सिंह, जद (यू0) सांसद (राज्य सभा), रामनाथ ठाकुर, जद (यू0) सांसद (राज्य सभा), श्रीमती कहकशों परवीन, जद (यू0) सांसद (राज्य सभा), पूर्व सांसद के0सी0 त्यागी, पूर्व सांसद, पवन वर्मा, बिहार विधान पार्षद, संजय झा, ओम थानवी, संतोष भारतीय, अनुराग चतुर्वेदी, समाजवादी राजकुमार जैन, जयशंकर गुप्त, पत्रकार आदि मौजूद थे।