फल सब्जी बेचकर पात्र अध्यापकों ने जताया विरोध
फल सब्जी बेचकर पात्र अध्यापकों ने जताया विरोध
कमलजीत अविनाशी
चण्डीगढ़। शिक्षक भर्ती बोर्ड और सरकार के अड़िय़ल रवैये के विरोध में पात्र अध्यापक संघ की ओर से जारी आमरण अनशन के पांचवें दिन पात्र अध्यापकों ने फल व सब्जियां बेचकर अपना विरोध जताया।
संघ के महासचिव सुनील यादव ने कहा कि सरकार पात्र अध्यापकों के रोजगार के साथ खिलवाड़ कर रही है। इसलिए पात्र अध्यापक फल सब्जियां बेचकर अपनी लाचारी का अहसास करा रहे हैं। संघ के संयोजक पवन व उपाध्यक्ष प्रेम अहलावत ने कहा कि जब तक सरकार पीआरटी की चयन सूची व टीजीटी की भर्ती का विज्ञापन जारी नहीं करती, तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा। मौसम खराब, खुला मैरान, सांप बिच्छू जैसे जहरीले जीवों की परवाहन करते हुए भी पात्र अध्यापक अपनी मांगों को पूरी करवाने के लिए अपनी कुर्बानी देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
अनशन के पांचवें दिन कई पात्र अध्यापकों की तबीयत बिगड़ी हुई है, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पात्र अध्यापकों के साथ कोई अनहोनी घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। पात्र अध्यापक संघ का आंदोलन दिन प्रतिदिन विराट होता जा रहा है। प्रदेश भर के पात्र अध्यापकों से मिल रहे समर्थन के बाद भी अगर सरकार समय रहते नहीं जागी तो यह आंदोलन सरकार की जड़ों को हिलाकर रख देगा। इस अवर पर हरियाणा सरकारी कॉलेज एसोसिएशन व राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने भी पात्र अध्यापकों का समर्थन देने की घोषणा की।
इस मौके पर सोनीपत से नरेंद्र दहिया, सचिन दहिया, अंबाला से दुष्यंत, कैथल से जसवीर, ईश्वर, भिवानी से अशोक अटेला, पवन, सिरसा से जगजीत, झज्जर से नरेंद्र, गुडग़ांव से किशोर, राजकुमार, रोहतक से रविंद्र सहित प्रदेश भर से पहुंचे पात्र अध्यापक मौजूद थे।


