फिर सत्ता में लौटेगा कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन- राउत
फिर सत्ता में लौटेगा कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन- राउत
नई दिल्ली। भले ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता प्रफुल्ल पटेल से लेकर डी पी त्रिपाठी तक नमो राग गा रहे हों लेकिन महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ड़ॉ. नितिन राउत को पूरा यकीन है कि कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन न केवल चुनाव में कायम रहेगा बल्कि यह गठबंधन महाराष्ट्र में पुनः सत्तारूढ़ होगा।
श्री राउत शनिवार को दिल्ली में थे। न्यू महाराष्ट्र सदन में एक पत्रकार वार्ता में उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन कायम रहेगा और चुनाव बाद गठबंधन महाराष्ट्र में सरकार बनाएगा। उन्होंने खुलकर राजनीति पर सवालों के उत्तर दिये। जब उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के अनुसासित सिपाही हैं और हाई कमान के हर आदेश का पालन करेंगे तो उनसे पूछा गया कि क्या वे हाई कमान के अनुचित आदेश का भी पालन करेंगे तो उन्होंने मजबूती के साथ कहा कि मैं अनुशासित सिपाही हूँ। यह पूछे जाने पर कि क्या इसका मतलब पार्टी में अंदरूनी लोकतंत्र नहीं है, वह हँसकर टाल गए।
पत्रकारों प्रश्नों का उत्तर देते हुये उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस बार महाराष्ट्र में पानी की किल्लत नहीं होगी। उन्होंने बताया कि सूखा प्रभावित क्षेत्रों में राज्य सरकार और उनके विभाग ने काफी काम किया है और बड़े पैमाने पर चैक डैम्स बनाये हैं। 1800 डैम्स की ओपनिंग की गयी और 1800 से ज्यादा नये सीएनबी दे रहे हैं।
श्री राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में मनरेगा में बेहतर कार्य किये गये हैं और मनरेगा के क्षेत्र में महाराष्ट्र अन्य राज्यों के लिये आदर्श है। उन्होंने कहा कि “जो (राज्य) नहीं करेगा मनरेगा वो मरेगा”। उन्होंने बताया कि मनरेगा का प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिये राज्य में कलक्टर व डिवीजनल कमिश्नर के कार्यालयों का पुनर्गठन किया गया, भुगतान में पारदर्शिता लाई गयी और फर्जीवाड़ा रोकने के लिये सोशल ऑडिट कराये जा रहे हैं। मनरेगा का कमिश्नरी कार्यालय नागपुर में चालू कराया गया।
डॉ. राउत ने बताया कि महाराष्ट्र के 27700 गाँवों में नर्सरी दी गयीं, लैण्ड डेवलपमेंट और हॉर्टीकल्चर में अच्छा नियोजन किया गया। उन्होंने बताया कि कुछ क्षेत्रों में तो मनरेगा के तहत लोगों को पूरे वर्ष रोज़गार दिया गया और न्यूनतम 100 दिन का रोजगार तो सभी को दिया गया।
इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में मौजूद रोहयो की उपसचिव आर विमला ने बताया कि लगभग दो लाख लोगों को 100 दिन से ज्यादा का रोजगार दिया गया और बड़ी तादाद में लोगों को 300दिन व 365 दिन तक रोज़गार उपलब्ध कराया गया।


