लखनऊ, 22 जनवरी। यूपी की कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है।

उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के टप्पल में बदमाशों ने रोड होल्ड अप के दौरान लक्जरी बस में लूटपाट की और विरोध करने पर फायरिंग करते हुए सेना के जवान सहित तीन लोगों को घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश पास में स्थित फार्म हाउस पहुंचे और वहां काम करने वाली मां और बेटी के साथ दुष्कर्म किया।

जिले में महिलाओं के साथ हुए इस हादसे ने दिल्ली के निर्भया और बुलंदशहर के हाईवे पर हुए दुष्कर्म की याद दिला दी।

देशबन्धु में प्रकाशित खबर के मुताबिक पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में एक्सचेंज के पास दिल्ली से लखनऊ जा रही लक्जरी बस को रोककर बदमाशों ने यात्रियों से साथ लूटपाट की। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग करते हुए फर्रुखाबाद जिले के थाना नबाबगंज निवासी राज, मैनपुरी जिले के थाना एलाऊ निवासी पूरन और अनंतनाग में तैनात वायुसेना के जवान विवेक यादव को पीटकर घायल कर दिया।

इसके बाद बदमाशों ने एक्सप्रेसवे के पास नौहझील (मथुरा) निवासी पूर्व डीआइजी राज कुमार गुप्ता के फार्म हाउस पर कार्यरत मां-बेटी से दुष्कर्म भी किया।

इस घटना के काफी देर बाद आगरा जोन के आईजी सुजीत पांडेय, डीआईजी आरपी सिंह यादव तथा एसएसपी राजेश पांडेय ने घटना स्थल का मुआयना किया। पीड़ित महिलाओं को मेडिकल के लिए अलीगढ़ महिला जिला अस्पताल भेजा। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।