बजरंगी गोरक्षकों ने इस बार एक भाजपा कार्यकर्ता को ही निपटा दिया
प्रिय प्रधानमंत्री जी,
आपके बजरंगी गोरक्षकों ने इस बार एक भाजपा कार्यकर्ता को ही निपटा दिया.
कर्नाटक में भाजपा कार्यकर्ता प्रवीण पुजारी पर गाय तस्करी का आरोप लगाकर विहिप और बजरंग दल के लंपटों ने उन्हें पीटकर मार डाला.
आपको याद होगा कि शिवसैनिकों ने अपने पाकिस्तान फोबिया के चलते आपके ही वरिष्ठ नेता सुधींद्र कुलकर्णी को स्याही पोत दी थी.
ऐसा कीजिए कि एक बार मोहन भागवत के साथ बैठिए और उनसे पूछिए कि इन भस्मासुर गोरक्षकों को जब मुसलमान या दलित नहीं मिलेंगे तब ये क्या करेंगे?

क्या गारंटी है कि ये लोग हर उस व्यक्ति को नहीं मारेंगे जिस पर गाय लाने ले जाने के वक्त तस्करी का संदेह होगा?
जिस देश में 60 प्रतिशत लोग मांसाहारी हैं, उस देश मांस लेकर जाता हुआ आदमी कैसे साबित करेगा कि वह गोमांस नहीं ले जा रहा है?
आप विशेषज्ञों से पता कीजिए. पाकिस्तान के तालिबानियों ने क्या किया था? पहले हिंदू, फिर शरणार्थी, फिर कादियान, फिर शिया, फिर अब सुन्नी भी. हर कोई उनका दुश्मन बन गया.
धर्म की रक्षा की काल्पनिक सनक ऐसे पागल सिपाही पैदा करती है जो अंतत: इंसानियत के ही दुश्मन बन जाते हैं.

धर्म से उपजे आतंकियों के दुश्मनों की सूची कभी खत्म नहीं होती.
आपकी पार्टी और आपके मातृ संगठन के नारे में देश सबसे पहले है.
तो एक दिन अपने मंत्रियों और भागवत साब के साथ बैठकर उनसे पूछिए कि ये जो तालिबानी तैयार हुए हैं, ये जब आपके ही लोगों की हत्या करने लगेंगे तब आप क्या करेंगे?
भारत माता के नाम पर या फिर इस देश की महान सहिष्णु परंपरा के नाम पर या इस देश की सवा अरब जनता के नाम पर, जिसके नाम पर आपका दिल पसीज जाए, कृपया यह आतंक बंद कराने का उपाय कीजिए.

तत्काल प्रभाव से सभी गोरक्षा संगठनों पर प्रतिबंध लगाइए.
वरना एक कठमुल्ला भारत बनाने का श्रेय आपके माथे पर कलंक की तरह चस्पा होगा. इस बार मैं सिर्फ आपकी छवि और आपके हासिल की बात कर रहा हूं.
अगर आपका कोई शुभचिंतक इस पत्र को आपके पास पहुंचा दे तो सोचिएगा.
आपका
एक अदना नागरिक
कृष्णकांत की फेसबुक टाइमलाइन से साभार