मोहनलालगंज की घटना से आहत है आम लखनवी
लखनऊ, 22 जुलाई। ‘वी वांट जस्टिस’ और ‘चुप्पी तोड़ो’ की हुंकार के साथ आज लखनऊ शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मोहनलालगंज की जघन्य और बर्बर घटना को लेकर परिवर्तन चौक से जीपीओ तक जुलूस की शक्ल में पैदल मार्च किया। जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के सम्मुख यह मार्च एक सभा में तब्दील हो गई। ‘बदलाव के लिए’ के बैनर तले इस बर्बर घटना के खिलाफ लखनऊ शहर के छात्र-छात्राओं, महिलाओं, लेखकों, साहित्यकारों, ट्रेड यूनियनों के नेताओं व विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपना विरोध दर्ज कराया।
जुलूस में शामिल लोग ‘फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करो’, ‘महिला हिंसा के खिलाफ हम एक हैं’ आदि नारे लगा रहे थे। सभा जिसको संबोधित करते हुए सेंटर ऑफ ट्रेड यूनियन के प्रदेश महामंत्री प्रेम नाथ राय ने कहा कि दिनो-दिन बढ़ती हुई महिला हिंसा के खिलाफ सरकार को फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़े कानून बनाने होंगे, जिससे न्याय और अपराधियों को सजा सुनिश्चित हो सके। इसके लिए लोगों में महिलाओं पर हो रहे जघन्य अपराधों के खिलाफ चेतना पैदा करनी होगी।
सभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एडवा) की प्रदेश अध्यक्ष मधु गर्ग ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रही जघन्य घटनाएं चिंता की सबब बनी हुई हैं। इसके लिए कोई भी सरकार कारगर कदम उठाने में असफल रही है। अब हम सबकी जिम्मेदारी है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए सरकार को कठोर कानून लाने पर विवश किया जाए।
एडवा की जिला सचिव सीमा राना ने कहा कि यह बहुत अच्छी पहल है कि तमाम संगठन एक बैनर के तहत संयुक्त लड़ाई के लिए तैयार हैं। हम सब लखनऊ के संवेदनशील लोग ऐसी घटनाओं के खिलाफ सरकार और समाज को बदलने के लिए हमेशा एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।
सभा का संचालन एसएफआई के नेता अनुपम यादव ने किया। इसके अतिरिक्त आईपीएफ नेता दिनकर कपूर, महिला फेडरेशन की वबिता सिंह, डीवाईएफआई से प्रवीन सिंह, नीतू रावत, लखनऊ विश्वविद्यालय की राजनीति शास्त्र विभाग के प्रवक्ता रूद्र प्रताप दुबे, यूपीएमईएसआरए नेता सुरजीत मुखर्जी, एडवा नवयुवती समिति की समन्वयक शिवा मिश्रा आदि ने संबोधित किया। आज के इस प्रदर्शन में सोशल मीडिया से जुड़े भारी तादात् में लखनऊ के संवेदनशील नागरिक मौजूद थे।

मोहनलालगंज बलात्‍कार कांड पर साझा प्रदर्शन
मोहनलालगंज प्रकरण पर पुलिस की जाँच संदेहास्पद- भाकपा ने की सीबीआई जाँच की मांग

मोहनलालगंज गैंगरेप की भाकपा ने निंदा की, दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग
लोकतन्त्र के चौथे स्तंम्भ पर सरकार और बाजार दोनों की छत टिकी है