बनारस में मोदी को शिकस्त देने के लिये साझा उम्मीदवार की समाजवादी और वाम ताकतों की पहल
बनारस में मोदी को शिकस्त देने के लिये साझा उम्मीदवार की समाजवादी और वाम ताकतों की पहल
लखनऊ,17 मार्च। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, सोशलिस्ट फ्रंट और जन संगठन- तहरीक ए निसवां ने आज सभी धर्म निरपेक्ष और लोकतांत्रिक दलों से उत्तर प्रदेश के वाराणसी में साझा उम्मीदवार खड़ा करने की अपील की है।
इन संगठनों का मानना है कि कट्टरपंथी ताकते बनारस में देश विरोधी, गरीब विरोधी, समाज विरोधी और कारपोरेट घरानों के हित की चिंता करने वाला उम्मीदवार खड़ा कर रही हैं। ऐसी स्थिति में समूचे देश को एक बड़ा संदेश बनारस से दिया जाना जरूरी है। इसके लिए समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, भाकपा, माकपा, भाकपा माले, आम आदमी पार्टी, कौमी एकता मंच जैसे छोटे-बड़े सभी दलों को साझा उम्मीदवार खड़ा करने पर विचार करना चाहिए।
इस समय समाज के एक तबके में चिंता पनप रही है जिसके प्रति सभी धर्म निरपेक्ष पार्टियाँ जवाबदेह हैं और उन्हें आगे आकर पहल लेनी चाहिए। भाकपा नेता डॉ. गिरीश, सोशलिस्ट फ्रंट के विजय प्रताप और डॉ. सुनीलम ने आज साझा बयान में यह अपील की है।
इस सिलसिले में भाकपा, माकपा, भाकपा माले के साथ अन्य दलों से बातचीत कर अपील की जाएगी ताकि वे साझा उम्मीदवार के मुद्दे पर सहमत हो सकें। तहरीक ए निसवां की संयोजक ताहिरा हसन ने कहा कि देश के सभी जन संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों को इस दिशा में पहल कर अपील करनी चाहिए। यह पहली बार हो रहा है कि कारपोरेट घरानों ने गरीब विरोधी, समाज विरोधी और देश विरोधी नेता को अपना खुला समर्थन दे दिया है। ऐसे में देश के सामने बड़ा संकट मंडरा रहा है और उत्तर प्रदेश के लोगों को इसका मजबूती से मुकाबला करना होगा। जबकि डॉ. गिरीश का कहना है कि अगर गैर भाजपा सभी दल इस मुद्दे पर एकमत हो जायें तो देश और समाज विरोधी ताकतों को बड़ी शिकस्त मिलेगी। इस पहल में वामपंथी ताकतें बड़ी भूमिका निभा सकती हैं।
दूसरी तरफ जन आंदोलनों से जुड़े उम्मीदवारों के प्रचार में जुटे डॉ. सुनीलम ने कहा कि वाराणसी में सभी दलों का साझा उम्मीदवार खड़ा करना वक्त की माँग है। वे खुद इस सिलसिले में कई दलों से बात कर रहे हैं। सुनीलम इस समय महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और ओडिशा आदि में जन आन्दोलनों के उम्मीदवारों के समर्थन में जन सभाएं कर रहे हैं और अठारह को वे फिर मेधा पाटकर और संजीव साने के समर्थन में मुंबई जा रहे हैं। अगर वाराणसी से कोई साझा उम्मीदवार खड़ा हुआ तो वे वहाँभी समय देंगे और देश भर के समाजवादी साथियों से इस अभियान में जुड़ने की अपील करेंगे।
गौरतलब है कि लखनऊ में ही बैठक हुयी थी जिसमें जल बिरादरी के राजेंद्र सिंह, किसान संघर्ष समिति के डॉ. सुनीलम, सोशलिस्ट फ्रंट के विजयप्रताप और अंबरीश कुमार आदि शामिल थे जिसमें जन आंदोलन के कार्यकर्त्ता जो चुनाव लड़ रहे हैं उनके समर्थन में अभियान चलाने का फैसला किया गया था। जिसके बाद ये लोग अभियान में जुटे हैं।
सोशलिस्ट फ्रंट के महासचिव विजयप्रताप और बिहार के खांटी समाजवादी नेता शिवानन्द तिवारी भी समाजवादी धारा के उम्मीदवारों के प्रचार में जुटे हैं और वे पच्चीस से सत्ताइस मार्च तक योगेन्द्र यादव का प्रचार करेंगे। साझा उम्मीदवार खड़ा हो इसके लिये विजयप्रताप ने भी दिल्ली में पहल की है। इसके बाद वे वाराणसी जा रहे हैं।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क


