नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर ने जो संविधान देश को दिया है, भाजपा उसे नष्ट करना चाहती है।

राहुल गांधी पार्टी के 133वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

श्री गांधी ने कहा कि हमारे देश का आधार हमारा संविधान आज खतरे में है। भाजपा नेता अपने बयानों से संविधान पर सीधे हमले कर रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में यह हर कांग्रेसी और भारतीय का कर्तव्य है कि वह ऐसे हमलों को रोके, ताकि बाबा साहेब भीम राव अंबडेकर ने जो संविधान हमें दिया उसकी रक्षा हो सके।

राहुल गांधी ने कहा कि आज देश में झूठ का जाल बुना जा रहा है। आज राजनीतिक फायदे के लिए भाजपा देश के लोगों को बांट रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज हम चुनाव भले ही हारे हों, लेकिन हम सच का साथ नहीं छोड़ेंगे और जो लोग देश को बांटने का काम करेंगे हम उनके खिलाफ खड़े रहेंगे.