भागलपुर में अति पिछड़ा समुदाय की इंटर की छात्रा के साथ सवर्ण माफिया तत्वों द्वारा किए गये बर्बर गैंग रेप के खिलाफ आज स्टेशन चौक पर साझा विरोध प्रदर्शन व सभा का आयोजित किया गया.

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पटना-दिल्ली की सरकारें बेटियों के लिए विशेष चिंता का विज्ञापन कर रही है.

'पढ़ेगी बेटियां-बढ़ेगी बेटियां' जैसे नारे के प्रचार का सरकारी शोर है.

लेकिन बेटियों की असुरक्षा व उत्पीड़न चरम पर है.

स्कूल-कॉलेज से लेकर शहर की सड़क से लेकर खेत-खलिहानों तक बेटियां बर्बर हिंसा झेल रही है.

वक्ताओं ने कहा कि एक अति पिछड़े समाज की बेटी भागलपुर के बिहपुर थाना के एक गांव से भागलपुर शहर आकर पढ़ने व आगे बढ़ने के लिए जद्दोजहद करती हैं

तो सवर्ण माफिया तत्वों के निशाने पर आती है.

शहर के बीच में एक अपार्टमेंट के फ्लैट में बर्बर गैंग रेप होता है.

पढ़ने व आगे बढ़ने की जद्दोजहद कर रही बेटी भागलपुर जैसे शहर में असुरक्षित क्यों है,

गैंग रेप क्यों होता है?इस सवाल का जवाब नीतीश कुमार और सुशील मोदी को देना ही चाहिए!

वक्ताओं ने कहा कि शराबबंदी के शोर में बलात्कारियों को शराब उपलब्ध कैसे हो जा रहा है?नीतीश कुमार और उसके पुलिस मशीनरी के सामने यह सवाल मुंह बाये खड़ा है!

वक्ताओं ने कहा कि शराबबंदी से अपराध रुकने और महिलाओं को राहत मिलने के सरकारी प्रचार में सच कम झूठ ज्यादा है.

दरहकीकत शराबबंदी का शोर ज्यादा है

और नीतीश-सुशील मोदी राज में अपराधी-माफिया व सवर्ण सामंती ताकतों का मनोबल चरम पर है,

केवल शराबबंदी से ऐसी काली ताकतों का मनोबल नहीं टूट सकता है.

ऐसी ताकतों का मनोबल बढ़ेगा तो अपराध,बलात्कार,हत्या व उत्पीड़न-दमन बढ़ेगा ही!

वक्ताओं ने कहा कि सुशासन में बलात्कारियों-हत्यारों व अपराधियों पर लगाम नहीं लग रहा है,नीतीश कुमार-सुशील मोदी का कानून का राज का दावा मजाक बन गया है.

वक्ताओं ने कहा कि मामले के सामने आने के बाद से 48घंटे गुजर चुके हैं,

अभियुक्त पकड़े नहीं गये हैं,

पुलिस की सक्रियता सवालों के घेरे में है.

वक्ताओं ने कहा कि बहन-बेटी को न्याय मिलेगा या फिर पैसा व पहुंच की ताकत से न्याय का गला घोंटा जाएगा;नीतीश कुमार-सुशील मोदी अपने अफसरानों से पूछिए!

वक्ताओं ने अविलंब अभियुक्तों की गिरफ्तारी और स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा की गारंटी की मांग की.

उल्लेखनीय है कि 19नवंबर को भागलपुर के बीच शहर में एक गिरोह द्वारा अपहृत कर एक इंटर की छात्रा के साथ बर्बर गैंग रेप को अंजाम दिया गया है!

छात्रा के चेहरे पर बर्बरता की निशानी साफ दीखती है,नाखून के दर्जनों निशान हैं.

उसका ईलाज जवाहर लाल नेहरू कॉलेज हॉस्पिटल में चल रहा है.

उसकी शारीरिक व मानसिक स्थिति बहुत दयनीय है.

भयभीत व मानसिक तौर पर अस्त-व्यस्त छात्रा अपनी पीड़ा बयान करते हुए बार-बार बेहोश हो जा रही है!

उसका कहना है कि अत्याचारियों का बड़ा गिरोह है,

ये लोग पैसे वाले हैं,

इन लोगों के बड़े लोगों से ताल्लुकात हैं!

छात्रा के साथ अपहृत कर बड़ी पोस्ट अॉफिस के नजदीक के भगवती अपार्टमेंट में गैंग रेप किया गया.

19नवंबर को वह किसी तरह 9बजे रात के आस-पास भाग निकली.

अत्याचारियों ने छात्रा को शराब पीने के लिए बाध्य किया था और खुद भी वे लोग शराब के नशे में बर्बरता को अंजाम दे रहे थे!

छात्रा बिहपुर थाना क्षेत्र के अति पिछड़ी कुम्हार जाति के किसान पृष्ठभूमि की है.

वह भागलपुर के एसएम कॉलेज रोड के किसी निजी छात्रावास में रहकर इंटर की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती है!

साझा विरोध प्रदर्शन में न्याय मंच, पीएसओ,सोशलिस्ट पार्टी ,जनसंसद , नौजवान संघर्ष सभा संगठनों के साथ दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ताओं व आम अवाम ने हिस्सेदारी की.