नई दिल्ली/ बेंगलुरु। बेंगलुरु के चर्च स्ट्रीट इलाके में रविवार रात हुए कम तीव्रता के ब्लास्ट में मृत महिला के परिजनों को 5 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा तथा यदि आवश्यक हुआ तो एनआईए जांच के आदेश दिए जा सकते हैं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मुआवजा की घोषणा की। इस विस्फोट में तीन लोग घायल भी हो गए थे। हॉस्पिटल में घायलों को देखने के बाद सिद्धारमैया ने कहा कि बीती रात हुए विस्फोट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद जान गंवाने वाली महिला के परिजनों को पांच लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। इससे पहले, मुख्यमंत्री मैसूर से सीधे विस्फोट स्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि घायलों को सबसे बेहतर इलाज मुहैया कराया जाएगा।
उधर केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज केन्द्रीय कानून और न्याय मंत्री श्री डी.वी. सदानंद गौडा और केन्द्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री अनंत कुमार से मुलाकात की तथा पिछली रात बेंगलुरू में हुए धमाके के बाद की स्थिति पर विचार-विमर्श किया।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केन्द्र राज्य सरकार से इस घटना के ब्यौरे के बारे में इंतजार कर रहा है। उन्होंने मीडियाजन को बताया कि खुफिया एजेंसियां इस मामले पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यदि आवश्यक हुआ तो इस मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपा जा सकता है।
इससे पहले, राजनाथ सिंह ने सुरक्षा तथा खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों एवं गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के बेंगलुरू धमाके की स्थिति की समीक्षा की।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने पिछली रात बेंगलुरू धमाके के बाद में तुरंत कर्नाटक के मुख्यमंत्री एस. सिद्दारमैया से बातचीत की और उन्हें स्थिति के बारे में अवगत कराया गया। राजनाथ सिंह ने सिद्दारमैया से कहा कि केन्द्र सभी सहायता मुहैया कराने के लिए तैयार है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केन्द्र ने राज्य सरकार को यह सुझाव दिया है कि बेंगलुरू में सार्वजनिक स्थानों तथा अन्य प्रमुख शहरों में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने चाहिए।