गैस एजेंसियों की मनमानी-ब्लैक में बेचेंगे पर बुकिंग का सिलेंडर नहीं देंगे!
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में गैस एजेंसियों की मनमानी बदस्तूर जारी है। उपभोक्ताओं की बुकिंग के बावजूद एक- एक महीने तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, उल्टे उन्हें एजेंसियां ब्लैक में मंहगे दामों पर सिलेंडर खरीदने को मजबूर कर रही हैं।
मामला दिल्ली के पॉश इलाकों में शुमार बसंत कुंज के बगल में बसे महिपालपुर के सोना इंटरप्राइजेज का है। इस इलाके में रहने वाले बहुत से इंडेन उपभोक्ताओँ की शिकायत है कि एजेंसी बुकिंग के सिलेंडर नहीं पहुंचाती है। पूछने पर कहते हैं कि अभी सिलेंडर नहीं हैं लेकिन अगर आप ज्यादा दाम देने को तैयार हैं तो उनके पास जादुई ताकत से सिलेंडर उपलब्ध हो जाते हैं। मामला साफ है कि बुकिंग का सिलेंडर नहीं पहुंचेगा तो उपभोक्ता ब्लैक में सिलेंडर खरीदेगा ही। बस यही फंडा इस गैस एजेंसी की कमाई का जरिया बन गया है।
स्थानीय निवासी मनीषमणि सिंह ने 16 जनवरी 2015 को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से गैस के लिए बुकिंग कराई थी। हालांकि गैस बुक कराए उन्हें एक महीने से अधिक हो गया लेकिन उनके घर पर सिलेंडर नहीं पहुंचा। इस संबंध में उन्होने पहले 4 फरवरी को और फिर 13 फरवरी गैस एजेंसी में मौखिक शिकायत दर्ज कराई। लेकिन उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। उल्टे गैस एजेंसी वालों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। गैस एजेंसी पर शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई होता न देख उन्होने इंडेन के ग्राहक शिकायत नंबर (18002333555) पर भी शिकायत दर्ज कराई, परन्तु वहां से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। अब हारकर उन्होने इंडेन की वेबसाइट पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
साफ है कि ग्राहकों की बुकिंग वाले सिलेंडरों को ब्लैक में बेचा जा रहा है और काली कमाई की जा रही है। यह न सिर्फ उपभोक्ता अधिकारों का हनन है बल्कि अपराध भी है। इस बारे में जब हस्तक्षेप संवाददाता ने एजेंसी को फोन कर उनका पक्ष जानना चाहा तो एजेंसी ने इस बारे में कोई बात करने से मना कर दिया।