भाजपा की साजिश है सहारनपुर उपद्रव : भाकपा
भाजपा की साजिश है सहारनपुर उपद्रव : भाकपा
लखनऊ, 6 मई। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने सहारनपुर में हुए बवाल को भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों की साजिश बताया है।
भाकपा के राज्य सचिव डॉ. गिरीश ने कहा कि गत दो सप्ताहों में सहारनपुर हुई यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे जनता की एकता तार- तार हुई है। दोनों घटनाएं पूर्व नियोजित जान पड़ती हैं और इनमें कई समानताएं हैं। दोनों घटनाओं में कमजोर तबकों को निशाना बनाया गया है और दोनों के मूल में भाजपा के बड़े नेता और कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने कहा कि भाकपा के सूत्रों के अनुसार, शब्बीरपुर गांव के दलित समाज के लोग काफी समय से वहां के रैदास मंदिर पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा लगाने का प्रयास कर रहे थे और स्थानीय भाजपा और क्षत्रिय समाज उसका विरोध कर रहे थे। इसलिए वहां पहले से ही तनाव व्याप्त था। ऐसे तनावग्रस्त गांव में दलितों की आबादी के बीच से महाराणा प्रताप की शोभायात्रा निकालना और आयोजन में भाजपा के चार-चार मंत्रियों व विधायकों को आमंत्रित किए जाने से साफ है कि यह सब दलितों को सबक सिखाने के उद्देश्य से किया गया।
उन्होंने कहा कि सहारनपुर ही नहीं, उत्तर प्रदेश में आजकल हर बड़ी आपराधिक वारदात भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों के सौजन्य से हो रही है। मुख्यमंत्री योगी किसी को कानून हाथ में न लेने को कह रहे हैं, लेकिन उनके अपने लोग ही नहीं मान रहे हैं।


