नई दिल्ली, 22 जनवरी। उत्तर-प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 40 स्टार प्रचारक शामिल किए गए हैं। लिस्ट में पार्टी ने पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा कई केंद्रीय मंत्रियों को जगह दी गई है, इसके साथ ही सूची में उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों के भी कुछ नेताओं को जगह मिली है।

इस लिस्ट में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, उमा भारती, योगी आदित्यनाथ, मनोज तिवारी, केशव प्रसाद मौर्या, मुख्तार अब्बास नकवी, रामविलास पासवान, स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी सहित दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्री को भी शामिल किया गया है।

यह लिस्ट पहले और दूसरे चरण के प्रचारकों की है। हालांकि बीजेपी की इस लिस्ट में पार्टी के मार्गदर्शक मंडल के नेता लालकृष्ण आडवाणी को जगह नहीं मिली है। इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी, सुषमा स्वराज, बीजेपी के पूर्व यूपी प्रमुख लक्ष्मीकांत बाजपेई भी स्टार प्रचारक पार्टी की लिस्ट से बाहर रखे गए हैं। इनके अलावा विनय कटियार और वरुण गांधी को भी लिस्ट में जगह नहीं दी गई है।

केंद्रीय मनोज सिन्हा को स्टार प्रचारकों में जगह नहीं मिल पाई है।

सुषमा स्वराज के अस्वस्थ्य होने की वजह से और लाल कृष्ण आडवाणी-मुरली मनोहर जोशी को मार्गदर्शक मंडल में शामिल होने से स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह नहीं मिली है।

चुनाव में जनता तक पार्टी के कार्यों और वादों को पहुंचाने के लिए बीजेपी ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी तो कर दी है, मगर लिस्ट आने के साथ ही सवाल भी उठने लगे हैं, कि जब बीजेपी, दूसरी पार्टी से आए नेताओं को स्टार प्रचारकों में रख सकती है, तो अपने नेताओं से इतना पहरेज क्यों हैं?