यूपी में BJP के प्रचंड बहुमत की सरकार बनायेंगे : स्वामी प्रसाद मौर्य
नयी दिल्ली। आखिरकार बहुत खोजबीन के बाद भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में भी एक मांझी मिल ही गए। कभी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के शीर्ष नेताओं में से एक और उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे स्वामी प्रसाद मौर्य आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।
मौर्य ने बसपा के कई पूर्व मंत्रियों एवं पूर्व विधायकों के साथ सैकड़ों की संख्या में आये अपने समर्थकों एवं सहयोगियों का आह्वान किया कि वे 2017 में भाजपा की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनाने के प्रयास में जुट जायें।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और उपाध्यक्ष ओम माथुर की मौजूदगी में पार्टी के उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने श्री मौर्य को अंगवस्त्र पहना कर विधिवत रूप से पार्टी में शामिल किया।
पार्टी उपाध्यक्ष एवं लखनऊ के महापौर दिनेश शर्मा, सांसद शिवप्रताप शुक्ला एवं रवीन्द्र कुशवाहा, पार्टी सचिव श्रीकांत शर्मा और रामेश्वर चौरसिया भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश से बसपा के अनेक पूर्व मंत्रियों एवं पूर्व विधायकों सहित करीब तीन हजार कार्यकर्ता मौजूद थे।
(इनपुट्स - देशबन्धु)