नई दिल्ली, 02 मई। जम्मू-कश्मीर के पूर्व विधायक एवं जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के संस्थापक प्रो. भीमसिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पुरजोर अनुरोध किया है कि वे जम्मू-कश्मीर और उत्तर-पूर्व के हालात को शांत रखने के लिए तमाम राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों यानि राष्ट्रीय एकता परिषद की बैठक बुलाएं, जो प्रधानमंत्री ने अपने पद सम्भालने से आज तक नहीं बुलायी है।

प्रो.भीमसिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी को, हो सकता है, उनके सलाहकारों ने राष्ट्रीय एकता परिषद के राजनीतिक महत्व के बारे में आज तक सलाह ही नहीं दी हो।

प्रो.भीमसिंह कई वर्ष राष्ट्रीय एकता परिषद के नेशनल पैंथर्स पार्टी के प्रतिनिधि के रूप में सदस्य रहे हैं और जोरदार भूमिका निभाते रहे हैं।

प्रो.भीमसिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में एक ज्वालामुखी की तरह उगल रहा है और जम्मू-कश्मीर में न्याय-अधिकार का जैसे कोई निशान ही नहीं हो।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग शांति चाहते हैं और धर्मनिरपेक्षता से सैंकड़ों वर्षों से जुड़े हैं और उनकी आकांक्षाओं को भारत सरकार को समझना बहुत जरूरी है, इसलिए जम्मू-कश्मीर में तुरंत राज्यपाल शासन लगाने की समय की मांग है और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय एकता परिषद की बैठक बुलाकर पूरे राष्ट्र और सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का पूरा समर्थन होगा यानि आज पूरे भारत के लोग जम्मू-कश्मीर में शांति चाहते हैं और यह तभी मुमकिन हैं जब वहां जम्मू-कश्मीर संविधान की धारा 92 के अन्तर्गत तुरंत राज्यपाल शासन लागू किया जाय और वर्तमान विधानसभा को भंग करके सभी वर्ग और क्षेत्रों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री को स्वयं बात करनी चाहिए।