लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रख्यात समाजवादी नेता मधुकर दिघे के निधन पर गहरा शोक जताते हुये दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने संतप्त परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त है।
पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि श्री मधुकर दिघे का आज दिल्ली में निधन हो गया। वे लगभग 90 वर्ष के थे। श्री दिघे मेघालय के राज्यपाल और वर्ष 1977 में उत्तर प्रदेश सरकार में वित्तमंत्री रहे थे। श्री दिघे ने डा0 राममनोहर लोहिया के नेतृत्व में समाजवादी आंदोलन में सक्रिय भाग लिया था। वे श्रमिक आंदोलनों मे भी जुडे़ थे। पूर्वान्चल के विकास में उनकी गहरी रूचि थी। समाजवादी पार्टी में वे राष्ट्रीय प्रवक्ता भी रहे थे।
श्री चौधरी ने बताया कि श्री दिघे के निधन से समाजवादी आंदोलन को गहरी क्षति हुई है। इनके निधन की खबर सुनते ही गोरखपुर से लेकर प्रदेश भर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में शोक की लहर व्याप्त हो गयी। उनके शोक में समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आधा झण्डा झुका दिया गया।