मराठा आरक्षण : शिवसेना ने भाजपा को चिढ़ाया, “एक घंटे के लिए पंकजा मुंडे को मुख्यमंत्री बनाओ”

नई दिल्ली, 28 जुलाई। मराठा आरक्षण पर भाजपा की सरकार में सहयोगी शिवसेना ने फिरकी लेते हुए कहा“एक घंटे के लिए पंकजा मुंडे को मुख्यमंत्री बनाओ।”

मराठा आरक्षण पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोलते हुए शिवसेना ने सुझाव दिया कि महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे को सर्वसम्मति से एक घंटे के लिए मुख्यमंत्री बना दिया जाए, ताकि मराठा आरक्षण की फाइल को मंजूरी दी जा सके।

बता दें महाराष्ट्र की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री पंकजा मुंडे ने बीते गुरुवार को यह कहकर सियासी गलियारों में खलबली मचा दी थी कि अगर मराठा आरक्षण की फाइल उनके पास आई होती तो उन्होंने बिना झिझक उसे मंजूरी दे दी होती, लेकिन अब मामला विचाराधीन हो गया है।

मुंडे की इस टिप्पणी के बाद शिवसेना ने भाजपा के चिकोटी काटी। पंकजा दिवंगत भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे की बेटी हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदा कैबिनेट सहयोगी के बयान का समर्थन करते हुए शिवसेना ने कहा कि अगर मुंडे एक घंटे के लिए मुख्यमंत्री बनती हैं तो कोई बाधा नहीं आएगी। वह पलक झपकते ही फाइल पर हस्ताक्षर कर देंगी और इसके बाद मराठा आरक्षण का मुद्दा शांत हो सकता है।

'सामना' में प्रकाशित हुई है शिवसेना की यह तीखी टिप्पणी

शिवसेना की यह तीखी टिप्पणी पार्टी के मुखपत्र 'सामना' में संपादकीय के रूप में प्रकाशित हुई है।

शिवसेना ने कहा,

"जैसा कि मुंडे दावा कर रही हैं, अगर वह ऐसा कर सकती हैं तो फडणवीस क्यों नहीं?"

मुंडे ने कहा था कि इस बाबत उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी संपर्क किया, जिसके बाद मुंडे के बयान को व्यापक रूप देते हुए शिवसेना ने कहा कि फडणवीस ऐसा क्यों नहीं करते।

शिवसेना ने मोदी पर भी साधा निशाना

शिवसेना ने कहा,

"मोदी अधिकांश समय दिल्ली से बाहर रहते हैं.. उनकी देश व राज्यों की समस्याओं में कोई दिलचस्पी नहीं है..अधिकांश समय वह विदेशों में रहते हैं। इसलिए फडणवीस सोच रहे होंगे कि अगर वह दिल्ली भी जाते हैं तो वहां किससे मदद मांगेंगे।"

"Make Pankaja Munde CM For An Hour": Shiv Sena Pokes BJP On Quota Stir