महान कोल ब्लाक आवंटन पर शिवराज सिंह से जवाब माँगा मोदी ने
महान कोल ब्लाक आवंटन पर शिवराज सिंह से जवाब माँगा मोदी ने
भोपाल। समाजवादी जन परिषद (सजप) के राष्ट्रीय सचिव अनुराग मोदी ने कहा है कि, उच्चत्तम न्यायालय टिप्पणी से महान कोल ब्लॉक आवंटन में म. प्र. सरकार की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है और इस आवंटन में भ्रष्टाचार की बू आ रही है।
श्री मोदी ने कहा कि सजप म. प्र. के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से सिंगरौली में महान कोल ब्लॉक आवंटन के सम्बन्ध में स्पष्ट जवाब चाहती है। मुख्यमंत्री यह साफ करें कि जब पूर्ववर्ती राज्य सरकार, केंद्र सरकार की कोयला आवंटन समिति को महान कोल ब्लॉक का आवंटन म. प्र. स्टेट माइनिंग कारपोरेशन लिमिटेड के पक्ष में करने की अनुसंशा कर चुकी थी, तो फिर इसे एस्सार लिमटेड के पक्ष में छोड़ने के पीछे उनकी सरकार की क्या मजबूरी थी! या दबाव था?
सजप के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र गढ़वाल ने कहा कि, उच्चतम न्यायालय के हालिया निर्णय से महान कोल ब्लॉक आवंटन में म. प्र. सरकार की भूमिका से यह भी स्पष्ट हो गया है कोल आवंटन मामले में कांग्रेस के साथ भाजपा की सरकारें भी दोषी हैं। इस बारे में छाई धुंध को साफ़ करने के लिए यह जरूरी है कि म. प्र. सरकार इस संबंध में सारे दस्तावेजों के साथ अपनी भूमिका सार्वजाोनिक करे। कोर्ट के अब-तक के निर्णयों से यह स्पष्ट है कि प्राकृतिक संसाधन जनता की अमानत हैं, और इसे अपनी मनमर्जी से आवंटित करने का किसी भी सरकार को कोई अधिकार नहीं है। इसलिए, जनता को इस संबंध में सारी बातें जानने का हक़ है।


