नई दिल्ली। शांतिपूर्ण रूप से प्रदर्शनरत 130 मारूति सुजुकी मज़दूरों की 18 मई की रात हरियाणा सरकार द्वारा गैर-जनवादी तरीके से गिरफ्तारी के खिलाफ सोमवार को जन्तर-मन्तर पर प्रदर्शन का आयोजन किया गया है।

प्रदर्शन के आयोजक 'बिगुल मज़दूर दस्‍ता' ने बताया है कि ये मज़दूर मारूति सुजुकी प्रबन्धन और हरियाणा सरकार के खिलाफ पिछले 57 दिनों से अपने 540 काम से निकाले गये साथियों को काम पर वापस लेने और 147 गिरफ्तार साथियों की रिहाई की और उनके खिलाफ लगाये गये आरोपों की उच्‍च स्‍तरीय जाँच की माँग को लेकर शांतिपूर्ण धरने पर बैठे हुये थे। लेकिन उनके शांतिपूर्ण धरने को हरियाणा सरकार ने तानाशाहीपूर्ण रवैया दिखलाते हुये कल रात उजाड़ दिया और वहाँ मौजूद मज़दूरों को गिरफ्तार कर लिया।

'बिगुल मज़दूर दस्‍ता' ने सभी मज़दूर संगठनों, ट्रेड यूनियनों, नागरिक, इंसाफपसंद नागरिकों, छात्रों, युवाओं व जनवादी अधिकार संगठनों से अपील की है कि वे कल (20 मई सोमवार) सुबह 11 बजे इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन हेतु जन्‍तर-मन्‍तर, नई दिल्‍ली पर एकजुट हों।