बसपा-भाजपा के मिले सुर में सुर
भाजपा कुछ कॉर्पोरेट घरानों और मीडिया के दम पर अपना चुनाव लड़ रही है, जबकि सपा अपने कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव लड़ रही है
बदायूं, 5 अप्रैल। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बीच आपस में मिलीभगत होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पहले बसपा उत्तर प्रदेश की सपा सरकार को बर्खास्त करने की मांग करती थी, अब भाजपा ने भी बसपा के सुर में सुर मिलाते हुये कहा है कि अगर भाजपा केंद्र की सत्ता में आई तो उत्तर प्रदेश सरकार को 24 घंटे में बर्खास्त कर दिया जायेगा। लेकिन भाजपा और बसपा का यह मंसूबा कभी पूरा नहीं होगा। लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा और बसपा को सबक सिखाएगी। नरेंद्र मोदी का प्रधानमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं होगा। समाजवादी पार्टी अकेले ही मोदी को रोकेगी।
सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि भाजपा और बसपा नहीं चाहतीं कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार रहे। भाजपा साम्प्रदायिक और लोकतंत्र विरोधी पार्टी है। तभी तो वह लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुयी एक राज्य सरकार को बर्खास्त करने की बात कह रही है। हमें धमकी दी जा रही है कि भाजपा अगर केंद्र की सत्ता में आती है तो 24 घंटे के भीतर समाजवादी पार्टी की सरकार को बर्खास्त कर दिया जायेगा। समाजवादी पार्टी की सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा और बसपा बौखला गई हैं।
उन्होंने कहा कि हम इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं क्योंकि हम जानते हैं कि भाजपा कभी ऐसी स्थिति में नहीं आ सकती कि वह हमारी सरकार को बर्खास्त कर सके। भाजपा और बसपा को शायद नहीं पता कि इस चुनाव में जनता उन्हें पूरी तरह नकारने जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ है। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो अकेले पूरी मजबूती के साथ साम्प्रदायिक शक्तियों से लड़ रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुजफ्फरनगर में दंगे भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने करवाए। सपा सरकार ने दंगे की सूचना मिलते ही फौज को तैनात करके हालात और बिगड़ने से रोक लिया। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर के दंगे बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। दंगों में जान-माल के हुये नुकसान का हमें बेहद अफसोस है। हम दंगे के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाएंगे।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा लोगों में झूठा प्रचार कर रही है कि पूरे देश में उसकी लहर है। सच्चाई यह है कि देश में कहीं भी भाजपा की लहर नहीं है। भाजपा कुछ कॉर्पोरेट घरानों और मीडिया के दम पर अपना चुनाव लड़ रही है, जबकि सपा अपने कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव जनता के बीच लड़ा जाता है लेकिन जनता के बीच में सिर्फ समाजवादी पार्टी है। कोई और दल दूर-दूर तक कहीं नजर नहीं आता है। जनता लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा और बसपा को सबक सिखाएगी। चुनाव के बाद केंद्र में तीसरे मोर्चे की सरकार बनेगी। जिसमें समाजवादी पार्टी की अहम भागीदारी होगी। तीसरे मोर्चे की सरकार बनते ही देश भर में प्राइमरी से लेकर इंजीनियरिंग तक की शिक्षा और सभी सरकारी अस्पतालों में गंभीर से गंभीर बीमारियों का इलाज मुफ्त कर दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा लोकसभा चुनाव हमारी सरकार के लिये परीक्षा हैं। जनता हमारे साथ है, इसलिये हमें पूरा विश्वास है कि हम बहुत अच्छे नंबरों से परीक्षा में पास होंगे। सपा सरकार ने पिछले दो वर्षों में उत्तर प्रदेश में बहुत अच्छे काम किये हैं। समाजवादियों की यही खासियत होती है कि वे जो कहते हैं उसे पूरा करते हैं। हमने 2012 के विधानसभा में अपने घोषणा पत्र में जनता से जो वायदे किये थे, उसमें से 95 फीसदी से ज्यादा को पूरा कर दिया है। लोकसभा चुनाव में सपा ने चुनावी घोषणा पत्र में जो वायदे किये हैं केंद्र में सपा की सरकार बनते ही उनमें से ज्यादातर को छह महीने के अंदर पूरा कर दिया जायेगा। डॉ. राम मनोहर लोहिया का सपना था कि देश के समग्र विकास के लिये पढ़ाई और दवाई मुफ्त होनी चाहिए। डॉ. लोहिया के इसी सिद्धांत पर सपा आगे बढ़ रही है।
अखिलेश यादव ने भाजपा के गुजरात मॉडल और कांग्रेस के भारत निर्माण को देश की जनता के साथ धोखा बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल और भारत निर्माण से देश का कोई भला नहीं हुआ। देश का समग्र विकास समाजवादी नीतियों पर चलकर ही हो सकता है। समाजवाद का मतलब समाज में सबके बीच बराबरी है। सपा सरकार ने पिछले दो वर्षों के कार्यकाल में विकास के जितने काम किये हैं गुजरात में उतना 20 वर्षों में नहीं हुआ।
कांग्रेस पर हमला करते हुये उन्होंने कहा कि उसकी जन विरोधी नीतियों के चलते लोग उससे दूर हुये। कांग्रेस गरीबों की बात करती है लेकिन उसने गरीबों की भलाई के लिये कोई काम नहीं किया। पिछले 10 वर्षों में देश में मंहगाई बेतहाशा बढ़ी है। महंगाई से सबसे ज्यादा गरीब और मध्यम वर्ग के लोग परेशान हैं। यूपीए सरकार को लोग महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के लिये याद रखेंगे।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क