जिन शिवपाल का नाम सुनकर अखिलेश एंकर की सदरी का भगवा रंग देख रहे थे, उन शिवपाल की पार्टी मुलायम का 79वां जन्म दिन ‘‘धर्म निरपेक्षता दिवस’’ के रूप में मनाएगी

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) मुलायम सिंह यादव का जन्म दिवस 'धर्म निरपेक्षता दिवस' के रूप में मनाएगी

Pragatisheel Samajwadi Party (Lohia) celebrates Mulayam Singh's birthday as 'Secularism Day'

लखनऊ, 13 नवंबर। अभी कल ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बीबीसी के एक कार्यक्रम में थे। एंकर ने उनके पारिवारिक झगड़ों खासकर अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव की नई पार्टी से मिलने वाली चुनौतियों पर सवाल किया तो उन्होंने तंज मारा कि उन्होंने एंकर की सदरी का रंग पहले ही देख लिया था (एंकर हल्की भगवा सदरी) पहने था। हो सकता हो एंकर भगवा मानसिकता का हो (अधिकांश हैं) लेकिन अखिलेश यादव की ट्विटर टाइमलाइन पर खुद उनका भगवा पगड़ी पहने फोटो अभी भी पड़ा है।...

बहरहाल अखिलेश यादव अपने पिता के साथ ढाई दशक से अधिक साया बनकर रहे जिन शिवपाल सिंह यादव की नई पार्टी को इशारों-इशारों में भाजपा की बी टीम बता रहे थे, उस पार्टी ने फैसला लिया है कि वह सपा के अपदस्थ अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव का 79वां जन्मदिन ‘‘धर्म निरपेक्षता दिवस’’ के रूप में मनाएगी।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव ने बताया कि 22 नवम्बर 2018 को धर्मनिरपेक्षता एवं समाजवाद को सशक्त स्वर देने वाले मुलायम सिंह यादव का 79वां जन्म दिन है। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) श्रद्धेय नेता जी का जन्म दिवस ‘‘धर्म निरपेक्षता दिवस’’ के रूप में मनाएगी ताकि लोकजीवन में धर्मनिरपेक्षता एवं सामाजिक सद्भाव जैसे शाश्वत मूल्यों को ताकत मिले।

आदित्य यादव ने इस अवसर पर पार्टी के समस्त जिला/महानगर अध्यक्ष एवं पार्टी के पदाधिकारीगणों से अनुरोध किया है कि वह समाज के गरीब, दीन-दुखियों व मजदूरों के मध्य जाकर नेता जी के दीर्घायु होने की कामना करते हुए फल वितरण एवं रक्त दान करें व संगोष्ठी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करें, जिससे जनमानस में यह संदेश जाये कि इंसानियत से बड़ी कोई सेवा नहीं होती हैं।

इसी क्रम में उन्होंने लखनऊ व इटावा के सभी नेतागणों व कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि दोनों जगहों पर उक्त कार्यक्रम वृहद् रूप से मनाया जाये। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि लखनऊ में कार्यक्रम 6 लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर व इटावा के सैफई में विस्तृत कार्यक्रम की रूप रेखा अतिशीघ्र बनाकर अवगत कराये। ताकि उक्त जन्मोत्सव कार्यक्रम (धर्म निरपेक्षता दिवस) को भव्य स्वरूप दिया जा सके।

क्या यह ख़बर/ लेख आपको पसंद आया ? कृपया कमेंट बॉक्स में कमेंट भी करें और शेयर भी करें ताकि ज्यादा लोगों तक बात पहुंचे

कृपया हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें