मोदी सरकार का बजट आम जनता के साथ धोखा : प्रो. भीमसिंह
मोदी सरकार का बजट आम जनता के साथ धोखा : प्रो. भीमसिंह
बजट पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाला और ग्रामीण क्षेत्रों के 60 प्रतिशत लोगों के साथ धोखा
सरकार पर पूंजीपतियों का नियंत्रण
नई दिल्ली। नेशनल पैंथर्स पार्टी के मुख्य संरक्षक एवं लंदन से कानून की मास्टर डिग्री धारक प्रो. भीमसिंह ने केन्द्र सरकार की भाजपा सरकार के बजट को आम लोगों के साथ एक धोखा बताया है।
प्रो. भीमसिंह ने कहा कि भारत की आधी से ज्यादा जनसंख्या ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है, जहां 60 प्रतिशत लोग अनपढ़ हैं और उन्हें चिकित्सा सुविधाएं तक प्राप्त नहीं है, वहां स्कूल नहीं हैं, उन्हें पास ठीक-ठाक कपड़े भी नहीं हैं, जबकि 80 प्रतिशत किसान आज भी बारिश पर निर्भर रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट मात्र 10 से 15 प्रतिशत पूंजीपतियों का बजट हैं, जिन्हें भाजपा ने अपने बजट के द्वारा मजबूती दी है। इस बजट में सारा ध्यान कम्प्यूटरीकरण पर है, जिसमें इससे सम्बंधित चीजों का सस्ता किया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा को पूरी तरह नजअंदाज किया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले ज्यादातर लोगों के पास डाक्टर या दवाई तक के लिए पैसे नहीं होते। क्या प्रधानमंत्री मोदी बता सकते हैं कि इनके बजट में गरीबी को खत्म करने के लिए क्या किया गया? क्या वे बता सकते हैं कि इन सभी समस्याओं को खत्म करने के लिए, जिससे देश की लगभग 60 प्रतिशत आबादी परेशान है, उनकी सरकार की क्या योजना है?
उन्होंने कहा कि आज सरकार पर पूंजीपतियों का नियंत्रण है। उन्होंने कहा कि इस बजट में समाजवादी गणराज्य भारत की वास्तविक दृश्य पर ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाला है और देश के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले 60 प्रतिशत लोगों के साथ धोखा है।


