नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने अप्रत्यक्ष रूप से दादरी हत्याकांड की आलोचना की है, पर वे इस मसले पर कुछ साफ-साफ बोलने से बचे हैं। उन्होंने कहा है कुछ दुखद घटनाएँ समाज की शांति, सौहार्द, एकता के ताने-बाने को नुक्सान नहीं पहुंचा सकती।
श्री नकवी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार के आने के बाद अल्पसंख्यकों में विश्वास का माहौल बना है, कुछ "वोट के सौदागरों" को यह सकारात्मक माहौल हजम नहीं हो रहा है।
नक़वी ने आज नई दिल्ली में मुस्लिम समाज के धार्मिक नेताओं, उलेमाओं और अन्य लोगो से भेंट कर अल्पसंख्यकों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और इसकी जानकारी अपनी फेसबुक टाइमलाइन पर दी।
नक़वी ने कहा "नफरत की पेशेवर पाखंडी पॉलिटिक्स" को समाज की एकता और सौहार्द की ताकत से परास्त करना होगा।
उन्होंने कहा अल्पसंख्यकों के धार्मिक, सामाजिक अधिकार सुरक्षित हैं। कुछ दुखद घटनाएँ समाज की शांति, सौहार्द, एकता के ताने-बाने को नुक्सान नहीं पहुंचा सकती।
श्री नक़वी ने कहा कि देश के “प्रोग्रेस पर पलीता” लगाने के "पोलिटिकल पाखंड" का पर्दाफाश हो चुका है। देश के सौहार्द, समृद्धि और सुरक्षा को नुक्सान पहुंचाने की शैतानी साजिश को समाज की एकता ही नाकाम कर सकती है। हम अगर ऐसी राष्ट्र विरोधी, समाज विरोधी ताकतों के चक्रव्यूह में फंसे तो यह शैतानी ताकतें कामयाबी का जश्न मनाएंगी। इन शैतानी ताकतों की कामना है मुल्क की नाकामी।
श्री नक़वी ने कहा कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और सम्मान को "सियासी स्वार्थो की सूली" पर चढ़ने नहीं दिया जाएगा। अब वक़्त आ गया है जब “वोट के लिए जज्बातों पर चोट बंद होनी चाहिए”- सेकुलरिज्म के सियासी सूरमाओं को यह सन्देश और सबक देश की जनता बार-बार दे रही है।
श्री नक़वी ने कहा कि देश के सभी लोगों विशेषकर अल्पसंख्यकों के सामाजिक-आर्थिक सरोकार को सुनिश्चित करना हम सब की जिम्मेदारी है, इस जिम्मेदारी को निभाने में संकीर्णता और सियासी स्वार्थ आड़े नहीं आने देना चाहिए।
श्री नक़वी ने कहा कि सत्ता में आने के बाद से ही केंद्र की मोदी सरकार ने गरीबों, उपेक्षितों, दलितों और अल्पसंख्यक तबके के समुचित विकास के लिए मजबूत कदम उठाये हैं। अल्पसंख्यकों में विश्वास का माहौल बना है, कुछ "वोट के सौदागरों" को यह सकारात्मक माहौल हजम नहीं हो रहा है।
श्री नक़वी ने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में समावेशी विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है ताकि देश के हर समुदाय हर व्यक्ति का विकास हो सके चाहे वह किसी भी धर्म का हो। भारत की एकता ही विकास की ताकत है, इसका टूटना विकास के ताने बाने को तोड़ना है। मोदी सरकार सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है। सुशासन के संकल्प और विकास की राह में कोई भी रोड़ा कामयाब नहीं हो पायेगा, हम देश के सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं कर सकते।
श्री नक़वी ने कहा कि भाजपा सरकार का इरादा बिकुल साफ है और वह है विकास के रास्ते पर देश को आगे बढ़ाना। हम साफ सुथरी, विकास की, सकारात्मक राजनीति करते हैं। हम समाज के बिखराव-टकराव की सियासत की निंदा करते हैं और ऐसी ताकतें, जो देश के धार्मिक-सामाजिक सौहार्द के ताने-बाने को ध्वस्त करने का शैतानी मंसूबा लेकर काम कर रही हैं, वह इंसानियत की दुश्मन हैं। हमें एकजुट हो कर इनके मंसूबों को ध्वस्त करना होगा।