मोदीगेट से ध्यान हटाने को योग तमाशा- दिल्ली में प्रदर्शन
मोदीगेट से ध्यान हटाने को योग तमाशा- दिल्ली में प्रदर्शन
योग तमाशे के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन
नई दिल्ली। एक तरफ जहां दिल्ली में #अंतर्राष्ट्रीययोगदिवस पर दिल्ली में सरकारी महफिल सजी तो इस महफिल से थोड़ी दूर पर ही इस तमाशे के विरोध में प्रदर्शन भी हुआ।
भाजपा नीत एनडीए सरकार की गत लोकसभा चुनाव के दौरान किये गए बड़े बड़े वादों को पूरा नही कर पाने की विफलता के कारण सरकार जनता के असली सवालों से ध्यान हटाने के लिए कईं उपाय कर रही है। जनता के सवालों को हल करने के बजाए मोदी नीत एनडीए सरकार हिंदुत्व की राजनीति को महिमामंडित करने के लिए और हाल ही में उजागर हुए मोदीगेट को छुपाने के लिए बड़े स्तर पर योग दिवस का आयोजन कर रही है। इसीलिए हमने मोदी नीत एनडीए सरकार के योग तमाशे का विरोध करने का निर्णय किया है।
राइट टू रिज़र्वेशन इन प्राइवेट सेक्टर संगठन ने भगत सिंह के साथी संगठन और अन्य छात्र युवा संगठनों के साथ मिलकर 21 जून 2015 को योग और सूर्य नमस्कार की राजनीति के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन किया। उपरोक्त संगठनों के कार्यकर्ता 21 जून की सुबह शहीद भगत सिंह पार्क में एकत्र हुए और इंडिया गेट की तरफ प्रस्थान किया। पुलिस द्वारा आगे जाने की अनुमति नही दिये जाने पर उन्होंने वहीं आईटीओ पर धरना दिया और विरोध व्यक्त किया। धरने को महेश राठी, एस के राना, यूथ फेडरेशन के दिल्ली राज्य सचिव आनन्द शर्मा और छात्र नेता कुणाल सुमन, राजीव वर्मा, मुलायम सिंह कन्हैया सोनीपत और भगत सिंह के साथी संगठन के कलीमुद्दीन और अकरम के अलावा ट्रेड यूनियन नेता शिव दत्त ने भी संबोधित किया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने मोदी नीत एनडीए सरकार के विकास मॉडल पर सवाल उठाये। मोदी सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार मुद्रास्फीति कम होने के दावे कर रही है और फिर भी सभी अनिवार्य वस्तुओं के दामों में गत साल में 40 प्रतिशत का इजाफा हो गया है और एक हजार से अधिक किसानों ने आत्महत्या कर ली है और अधिकतर किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। उस पर भी मोदी सरकार भारतीय संस्कृति की महानता को महिमामंडित करते हुए योग दिवास का आयेाजन कर रही है। यह केवल सरकार की असंवेदनहीनता को ही नही दर्शाता है बल्कि हिदुत्व को विश्व गुरू दिखाने के लिए उसके महिमामंडन की राजनीति को भी रेखांकित करता है। हम योग के खिलाफ नही हैं परंतु योग के नाम पर मोदी सरकार की सरकारी योग की हिंदुत्व राजनीति का कड़ा विरोध करते हैं। संगठन ने निजी क्षेत्र में तुरंत आरक्षण लागू करने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन को समाप्त करते हुए महेश राठी ने मोदीगेट काण्ड की निन्दा करते हुए कहा कि मोदी सरकार के सुषमा स्वराज और वसुंधरा राजे को बर्खास्त करना किसी भी योगाभ्यास अधिक फलदायक कसरत होगी और उन्हें तुरंत वह करनी चाहिए।


