मोहनलालगंज गैंगरेप की भाकपा ने निंदा की, दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग
मोहनलालगंज गैंगरेप की भाकपा ने निंदा की, दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग
लखनऊ- 18 जुलाई। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव मंडल ने इस बात पर गहरा अफ़सोस जताया कि राजधानी में सरकार की नाक के नीचे मोहनलालगंज के बलिहाखेड़ा में एक और बेटी दरिंदगी की शिकार हो गयी। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना ने जहां समाज को हिला कर रख दिया है वहीँ महिलाओं की इज्जत और जान की रक्षा में पूरी तरह असफल राज्य सरकार के माथे पर एक और कलंक का टीका चस्पा कर दिया है। भाकपा राज्य सचिव मंडल ने इस वीभत्स घटना की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुए राज्य सरकार से मांग की है कि इस घटना के दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जाये।
भाकपा के राज्य सचिव डा. गिरीश ने कहा कि प्रदेश में शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो जिस दिन किसी न किसी अबला को अपनी आबरू और जान न गंवानी पड़ रही हो। अभी सिकंदरा राऊ की दलित महिला की चिता की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि कल मोहनलालगंज में यह जघन्य कांड हो गया। प्रदेश में असुरक्षा और हैवानियत का ऐसा हाल पहले कभी देखने को नहीं मिला। भाकपा ने पीड़िता की पहचान करने और दोषी पुलिसजनों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
भाकपा ने कल 19 जुलाई को इस घटना के विरोध में भारतीय महिला फेडरेशन द्वारा जी.पी.ओ. पार्क में आयोजित धरने को अपना पूर्ण समर्थन प्रदान किया है.


